जमशेदपुर: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में लिफ्ट की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गयी है. अस्पताल में लगी 16 लिफ्टों में से 14 खराब हैं, जबकि मात्र दो लिफ्ट ही चल रही हैं. लिफ्टों के खराब रहने से मरीजों और उनके परिजनों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी इमरजेंसी, आइसीयू और ऑपरेशन थिएटर जाने वाले गंभीर मरीजों को हो रही है.
अस्पताल में कई महत्वपूर्ण विभाग ऊपरी तल्लों पर हैं. ऐसे में लिफ्ट के खराब रहने से मरीजों को एक तल्ले से दूसरे तल्ले तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है. गंभीर मरीजों को समय पर संबंधित विभाग तक पहुंचाने में भी परेशानी सामने आ रही है. बुजुर्ग, कमजोर और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए स्थिति और ज्यादा मुश्किल हो जाती है.
पहले भी सामने आ चुकी है लिफ्ट खराब होने की समस्या
एमजीएम अस्पताल में लिफ्ट खराब होने की समस्या नयी नहीं है. जून 2026 में भी अस्पताल की 16 में से 12 लिफ्ट खराब होने की खबर सामने आयी थी. उस समय मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा था. कर्मचारियों को दवाओं और जरूरी सामान की पेटियां भी सीढ़ियों से ऊपर-नीचे ले जानी पड़ रही थीं.
लिफ्ट की खराबी के कारण अक्टूबर 2025 में एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर की सर्विस बिल्डिंग में एक कर्मचारी करीब 50 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा था. लिफ्ट अचानक बंद होने के बाद काफी देर की मशक्कत से उसे बाहर निकाला गया था. उस समय कर्मचारियों ने भी लिफ्ट के अचानक खराब होने और बिजली चले जाने पर लिफ्ट बंद होने को लेकर चिंता जतायी थी.
जल्द सभी लिफ्ट ठीक कराने का दावा
अस्पताल में लगातार सामने आ रही लिफ्ट की समस्या के बीच प्रबंधन अब इसे दुरुस्त कराने की तैयारी कर रहा है. एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ बलराम झा ने बताया कि लिफ्ट को बनाने के लिए संबंधित कंपनी के साथ एमओयू करने की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी लिफ्टों को दुरुस्त करा दिया जायेगा. इसके बाद मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.
हालांकि, लिफ्ट खराब होने की समस्या बार-बार सामने आने के कारण अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. मरीजों और उनके परिजनों के लिए लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधा का सुचारु रूप से चलना बेहद जरूरी है, खासकर तब जब इमरजेंसी, आइसीयू और ओटी में जाने वाले मरीजों को तत्काल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की जरूरत होती है.
