जेसीपी इंप्लाइज यूनियन सदस्यों के लिए लागू होगी मेडिकल इंश्योरेंस योजना
सीमेंट कंपनी न्यूवोको विस्टॉस कॉर्प लिमिटेड की मान्यता प्राप्त यूनियन जेसीपी इंप्लाइज यूनियन ने अपने सदस्यों के हित में मेडिकल इंश्योरेंस योजना लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है.
न्यूवोको विस्टास की यूनियन मीटिंग में फैसला : ठेका कर्मियों के वेलफेयर और सम्मान पर भी रहेगा विशेष फोकस
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
सीमेंट कंपनी न्यूवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड की मान्यता प्राप्त यूनियन जेसीपी इंप्लाइज यूनियन ने अपने सदस्यों के हित में मेडिकल इंश्योरेंस योजना लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. गोलमुरी क्लब में यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित कमेटी मीटिंग में यह प्रस्ताव रखा गया. इसके तहत यूनियन फंड के माध्यम से सदस्यों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जायेगी. ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में उन्हें गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके. बैठक में महासचिव विजय खान, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, विनय त्रिवेदी, संजीव सिंह, विजय देव, एनबी थापा और आर कर्मकार सहित कई सदस्य उपस्थित थे. अध्यक्ष ने अंत में कहा कि वर्तमान के साथ-साथ पूर्व सदस्यों और ठेका श्रमिकों का कल्याण यूनियन की प्राथमिकता है.
सेवानिवृत्त ठेका कर्मियों को भी स्मृति चिह्न देकर दी जायेगी विदाई
बैठक में निर्णय लिया गया कि अब ठेका कर्मियों को भी सेवानिवृत्ति के समय यूनियन की ओर से स्मृति चिह्न देकर विदाई दी जायेगी. इसके अलावा ठेका कर्मचारियों के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया गया. योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और खर्च के आकलन के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है. जिसकी रिपोर्ट के आधार पर योजनाएं चरणबद्ध तरीके से लागू होंगी.
दिवंगत सदस्यों को दी गयी श्रद्धांजलि
बैठक की शुरुआत में दिवंगत वरिष्ठ नेता सुनील शुक्ला सहित अन्य ट्रेड यूनियन नेताओं को श्रद्धांजलि दी गयी. कोषाध्यक्ष संजीव सिंह ने आय-व्यय का विवरण रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. इस दौरान कर्मचारियों की प्रोन्नति (प्रमोशन) में हो रहे विलंब का मुद्दा भी उठा. जिस पर अध्यक्ष ने प्रबंधन से वार्ता कर समाधान का भरोसा दिलाया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.