गुड़ाबांदा,पूर्वी सिंहभूम: प्रखंड के सिंहपुरा गांव स्थित मदनकोचा सबर टोला निवासी 45 वर्षीय मनसा सबर गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण पिछले कई दिनों से बिस्तर पर पड़ा हुआ है. समय पर उचित इलाज न मिलने से उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है.
सूजन और चलने-फिरने में असमर्थता
मनसा सबर पिछले कई दिनों से चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ है. उसके पेट और पैर के तलवों में गंभीर सूजन आ गई है, जिसके कारण वह उठ-बैठ भी नहीं पा रहा है. परिजनों ने बताया कि शुरुआत में स्थानीय स्तर पर साधारण डॉक्टर से इलाज कराया गया था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अब किसी बड़े अस्पताल में जांच व इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा है.
गले में कैंसर की आशंका, जांच न होने से बीमारी स्पष्ट नहीं
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मनसा गले में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो सकता है. हालांकि, आर्थिक तंगी के कारण आवश्यक डॉक्टरी जांच न हो पाने से अब तक बीमारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. परिजनों का कहना है कि यदि समय पर बेहतर इलाज नहीं मिला, तो उसकी जान पर बन आ सकती है.
मदद की गुहार
मनसा के परिवार में उसकी पत्नी, बेटा और बहू हैं. परिजन उसके इलाज के लिए लगातार कई जगह गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई सरकारी या सामाजिक मदद नहीं मिल सकी है. ग्रामीणों एवं परिजनों ने प्रशासन और समाजसेवी संस्थाओं से मनसा सबर के बेहतर इलाज के लिए तत्काल सहायता प्रदान करने की अपील की है.
