पुलिस को चकमा देकर भागा शिबू और सूर्या
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद
पांच साथियों को भी हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
Jamshedpur News :
धातकीडीह हरिजन बस्ती निवासी शुभम घोष पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर मनोज विभर, उसका भाई विशाल विभर और आसिफ को कोलकाता के संतरागाछी स्थित चिंगरीघाट क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया. जबकि उनके दो साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. गुरुवार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देर रात शहर लेकर पहुंची. पुलिस ने पूछताछ के आधार पर फायरिंग से पूर्व शुभम की रेकी में शामिल तीन युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस मनोज विभर, विशाल और आसिफ की निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कर ली है. इसके अलावा गिरफ्तारी के दौरान फरार हुये शिबू और सूर्या की तलाश में जुटी है.जानकारी के अनुसार मनोज विभर और आसिफ ने ही शुभम घोष पर फायरिंग की थी. इस मामले में घायल शुभम घोष के भाई अनिमेष घोष ने बिष्टुपुर थाना में कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी शोएब अख्तर उर्फ शिबू, आसिफ, मानगो निवासी कैश, कदमा रामजनमनगर निवासी सोमेश राव उर्फ सूर्या, कदमा निवासी मनोज विभर, उसके भाई विशाल विभर समेत अन्य के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. जानकारी के अनुसार गोली मारने के बाद सभी ट्रेन से कोलकाता चले गये. संतरागाछी स्टेशन पर उतरने के बाद वे कैब से न्यू टाउन के शापूरजी कॉम्पलेक्स जा रहे थे. कार में वे फायरिंग की घटना की चर्चा कर रहे थे. इसी बीच कैब चालक ने पुलिस को सूचित कर दिया. जिसके बाद संतरागाछी की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. जबकि साथी फरार हो गये. सूचना मिलने पर बिष्टुपुर की पुलिस टीम गुरुवार को पहुंची और ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शहर के लिए रवाना हुई.
शुभम की हालत गंभीर
टीएमएच में भर्ती घायल शुभम घोष की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. शुभम का टीएमएच के आईसीयू में इलाज चल रहा है. मालूम हो कि बुधवार को धातकीडीह मेन रोड में शुभम घोष को स्कूटी पर सवार बदमाशों ने तीन गोली मारी थी. घटना सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गयी थी. घायल शुभम घोष अपनी चाची जूली घोष की हत्या में आजीवन कारावास का सजायाफ्ता है. फिलहाल वह पेरोल पर बाहर था.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
