जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी के घड़ी पार्क के पास मंगलवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गयी, जब एक युवक ने सड़क पर ही एक महिला और उसकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना के बाद युवक वहां से चला गया. महिला ने अब टेल्को थाना में युवक के खिलाफ मारपीट की लिखित शिकायत दर्ज करायी है. महिला का आरोप है कि युवक ने उससे पहले शादी की और अब उसे साथ रखने से इनकार कर रहा है.
टेल्को थाना में महिला ने की शिकायत
बिरसानगर बीएड कॉलेज रोड स्थित युवराज इनक्लेव निवासी ईशिका कुमारी ने टेल्को कॉलोनी घड़ी पार्क निवासी और टाटा मोटर्सकर्मी राजेन्द्र पाठक के खिलाफ टेल्को थाना में शिकायत की है. ईशिका के अनुसार, बिरसानगर लोयोला बीएड कॉलेज रोड में उनकी राशन की दुकान है. गत 2 अगस्त को राजेन्द्र पाठक दुकान पर सामान लेने आया था. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद वह अक्सर दुकान आने लगा और ईशिका से शादी करने की बात कही.
माता-पिता भी पहुंचे थे शादी की बात करने
ईशिका का कहना है कि कुछ दिनों बाद राजेन्द्र पाठक के माता-पिता भी उनके घर पहुंचे. शादी की बात कही. इस दौरान शादी के लिए पांच हजार रुपये और कपड़े भी दिये गये. गत 13 अगस्त को कोर्ट में शादी के लिए आवेदन पर दोनों ने हस्ताक्षर किये. इसके बाद 3 सितंबर को साकची शीतला मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई. ईशिका का कहना है कि शादी से संबंधित प्रमाण भी उसके पास मौजूद हैं.
पूजा का सामान लेने गयी थी, तभी बुलाकर की मारपीट
ईशिका के अनुसार, वह अपनी मां पूनम देवी के साथ खड़ंगाझार बाजार पूजा का सामान लेने गयी थी. इसी दौरान राजेन्द्र पाठक भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने दोनों को घड़ी पार्क के पास बुलाया और मारपीट शुरू कर दी. ईशिका का आरोप है कि राजेन्द्र ने उसकी मां पूनम देवी को चार-पांच थप्पड़ मारे. इसके बाद उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया. महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है. टेल्को थाना में दी गयी लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
