jamshedpur news : एमजीएम में पानी की समस्या विकराल, आवश्यक सेवा कभी भी हो सकती है बाधित

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने दूसरी बार पत्र लिखकर उपायुक्त को किया आगाह, कहा- जल्द करें समाधान

jamshedpur news : गर्मी बढ़ने के साथ ही एमजीएम अस्पताल में पानी की समस्या विकराल हो गयी है. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय कुमार ने दूसरी बार पत्र लिखकर उपायुक्त को कहा है कि पानी की अपर्याप्त अनुपलब्धता के कारण अस्पताल के आवश्यक सेवा, ऑपरेशन और वातानुकूलित यंत्र के संचालन में काफी समस्या आ रही है. अस्पताल की आवश्यक सेवा में कभी भी स्थायी रूप से बाधा उत्पन्न हो सकती है.

प्राचार्य ने पत्र में लिखा है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को पीने सहित अन्य आवश्यक कार्य के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है. वर्तमान स्थिति से लग रहा है कि गर्मी में अस्पताल, कॉलेज भवन और मेडिकल छात्र-छात्राएं के छात्रावास को पानी उपलब्ध नहीं हो पायेगा. अस्पताल में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मानगो नगर निगम द्वारा टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जो समुचित नहीं है. सभी जगहों पर पानी नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने उपायुक्त से मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को निर्देश देने का अनुरोध किया कि नवनिर्मित 500 बेड के अस्पताल एवं कॉलेज परिसर के सभी जगहों पर पेयजल आपूर्ति की जल्द से जल्द व्यवस्था करें, ताकि अस्पताल के संचालन में पानी के कारण आ रही रुकावट से निपटा जा सकें.

सात बोरिंग, टैंकर से आ रहा पानी, फिर भी पानी की समस्याअस्पताल में सात बोरिंग है. वहीं, प्रतिदिन 10 टैंकर पानी की सप्लाई की जा रही है. फिर भी पानी की समस्या है. इस कारण हाल ही में कई ऑपरेशन तक टालने पड़े हैं. पानी की कमी के करण सेंट्रल एसी सिस्टम फेल हो गया, इससे मरीजों व परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा. अब मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में भी पानी की समस्या होने लगी है.

जल संकट से निपटने के लिए टैंकर बढ़ाने का आदेश

पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने भीषण गर्मी में एमजीएम अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में जल संकट से निपटने के लिए टैंकरों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिये गये हैं. अब तक 10 टैंकर से पानी भेजा जा रहा था. कॉलेज के प्राचार्य के अनुरोध पर 14 टैंकर से पानी भिजवाना शुरू किया गया है. अस्पताल और कॉलेज में जलसंकट नहीं हो, इसे लेकर प्रशासन गंभीर है. वहीं, अस्पताल को पाइपलाइन से निर्बाध जलापूर्ति के लिए जल्द काम पूरा करने को कहा गया है. इस बाबत काम कर रही एजेंसी, पीएचइडी आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, मानगो नगर निगम के वरीय अधिकारी को निर्देश दिये गये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >