जिस रिश्ते को किरण जिंदगी भर का साथ समझ रही थी वही रिश्ता उसकी मौत की वजह बन गया. शादी का दबाव बनाने के बाद प्रेमी दशमत पर किरण की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. कलियाडीह कैनाल हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है.
परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल में 26 जुलाई को मिले महिला किरण देवी के नग्न शव मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी दशमत बास्के को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया. रविवार को एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिटी एसपी ललित मीना ने पूरे मामले की जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, दशमत और किरण के बीच वर्ष 2018 से प्रेम संबंध था. हालांकि, दशमत पहले से शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे भी हैं. पुलिस का कहना है कि किरण दशमत पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी बात से परेशान होकर दशमत ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.
नहाने के बहाने किरण को बुलाया
सिटी एसपी ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह दशमत ने किरण को फोन कर कलियाडीह कैनाल के पास बुलाया था. पुलिस के अनुसार, वहां उसने नहाने के बहाने किरण को पानी में उतरने के लिए कहा.
आरोप है कि जैसे ही किरण पानी के पास पहुंची, दशमत ने उसे धक्का दे दिया. इसके बाद दुपट्टे से उसका हाथ बांध दिया. पुलिस के मुताबिक, पानी में डूबने से किरण की मौत हो गयी.
इसके बाद मामले को भटकाने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर शव को कैनाल से बाहर निकाला, उसके कपड़े उतारे और फिर शव को पानी में बहा दिया.
सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपी तक पहुंचने का सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दशमत बास्के की तस्वीर मिली. इसके बाद पुलिस ने उसे हाता स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दशमत ने घटना से जुड़ी जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर किरण के कपड़े और घर से लाया गया बैग सुंदरनगर-हाता मार्ग के जंगल से बरामद किया गया है.
