कोल्हान विवि की बैठक में लिये गये कई निर्णय
Jamshedpur News :
कोल्हान यूनिवर्सिटी में नयी शिक्षा नीति के तहत यूजी के पहले बैच की सेमेस्टर-6 परीक्षा को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय सभागार में परीक्षा बोर्ड की अहम बैठक हुई. अध्यक्षता कुलपति अंजिला गुप्ता ने की, जिसमें परीक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ छात्रों के भविष्य की शैक्षणिक दिशा पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि सेमेस्टर-6 के बाद छात्रों के लिए उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के आधार पर अलग-अलग उनके मार्ग तय किये जायेंगे. निर्णय के अनुसार, सेमेस्टर-6 में 7.5 सीजीपीए लानेवाले छात्र सीधे दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम में नामांकन ले सकेंगे. वहीं, इससे अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक ट्रैक तैयार किया गया है. ऐसे छात्र यूजी के सेमेस्टर-7 में प्रवेश लेकर एक वर्षीय पीजी रिसर्च एवं ऑनर्स आधारित पाठ्यक्रम पूरा करेंगे, जिससे उन्हें शोध आधारित उच्च शिक्षा की ओर बढ़ने का अवसर मिलेगा.बैठक में अधिकारियों ने माना कि यह व्यवस्था नयी शिक्षा नीति के अनुरूप लिबरल और बहु-स्तरीय शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देगी, जिससे छात्रों को उनकी क्षमता और रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
