पूर्व मंत्री, विधायक सरयू राय ने भी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की
घटना के 4 दिन बाद भी एक ही आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी
रोजाना 10 हजार रुपये के इलाज खर्च से परिवार परेशान
Jamshedpur News :
सोनारी कुम्हारपाड़ा की मेहंदी कुमारी को न्याय दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर जस्टिस फॉर मेहंदी अभियान चलाया जा रहा है. इस मामले में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता समेत विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. फेसबुक पर प्रिंस सिद्धिक द्वारा जस्टिस फॉर मेहंदी के पोस्ट को 1.21 लाख लोगों ने समर्थन दिया है. जबकि 72 लोगों ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल खड़े किये हैं. पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टीएमएच में मेहंदी के घरवालों से मिलने की तस्वीर फेसबुक पर शेयर की है. जिसका लोगों ने समर्थन किया है. सरयू राय के पोस्ट पर भी लोग कमेंट कर मेहंदी को समर्थन दे रहे हैं. घटना के चार दिन बाद भी पुलिस एक ही आरोपी अभय तिवारी को जेल भेजी है. जबकि सन्नी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत उनके चार से पांच साथी फरार हैं. पुलिस की मानें, तो छापेमारी की जा रही है.
मेहंदी की तबीयत में सुधार, अस्पताल का बिल भरने में परिजनों को परेशानी
इधर, टीएमएच में भर्ती मेहंदी के भाई अंकित कुमार सिंह ने बताया कि बहन की तबीयत में थोड़ा सुधार है. बहन को न्याय दिलाने के लिए लोग कैंपेन चला रहे हैं. अंकित ने बताया कि घटना के बाद से दुकान बंद है. वहीं, टीएमएच में हर दिन का 10 हजार का बिल बन रहा है. कई लोगों ने मदद का भरोसा दिया है, लेकिन अबतक किसी ने आर्थिक मदद नहीं की है. बिल भरने में परेशानी हो रही है. बता दें कि गत 6 अप्रैल को चाय देने में देरी होने पर सात से आठ युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ की थी और मेहंदी पर खौलता चाय फेंक दिया था. इस घटना में मेहंदी बुरी तरह झुलस गयी थी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.