जेएफसी रिजर्व ने दलमा टाइगर्स को 4-2 से हराया

जेएसए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग में जेएफसी रिजर्व ने दलमा टाइगर्स को 4-2 से मात दी। मैच के रोमांचक पलों और न्यू बॉयज क्लब की जीत की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

जमशेदपुर. जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को जेएसए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग का एक रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) की रिजर्व टीम ने दलमा टाइगर्स को 4-2 से पराजित कर दिया. मैच की शुरुआत से ही जेएफसी रिजर्व की टीम दलमा टाइगर्स पर हावी रही. एलए मेतेइ ने मैच के छठे मिनट में ही शानदार गोल दागकर जेएफसी रिजर्व को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. इसके बाद कृष्णा टुडू ने 11वें और 35वें मिनट में लगातार दो गोल कर टीम की बढ़त को 3-0 कर दिया. तीन गोल से पिछड़ने के बाद दलमा टाइगर्स ने जोरदार वापसी की. टीम की ओर से कालीपद सिंह सरदार ने 40वें और 74वें मिनट में दो बेहतरीन गोल दागकर मुकाबले को 3-2 पर ला खड़ा किया. हालांकि, मैच के इंजरी टाइम (90 7वें मिनट) में लॉम्संगज़ुआला ने लेफ्ट फ्लैंक से मिले एक शानदार पास को गोल में तब्दील कर जेएफसी रिजर्व को 4-2 की अजेय बढ़त दिला दी, जो निर्णायक साबित हुई. रोमांचक मैच के दौरान रेफरी ने अनुशासनहीनता पर कार्ड भी दिखाए. 26वें मिनट में जेएफसी के हीरंगबा सेरम को पीला कार्ड (येलो कार्ड) दिखाया गया. वहीं, 71वें मिनट में जेएफसी रिजर्व के पिटी बास्के को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया, जिसके बाद टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. सुपर डिवीजन: न्यू बॉयज क्लब की बड़ी जीत गोपाल मैदान में खेले गए जेएसए सुपर डिवीजन फुटबॉल लीग के एक अन्य मैच में न्यू बॉयज क्लब ने शिशु डोमकॉम को 4-1 से शिकस्त दी. न्यू बॉयज क्लब की ओर से सूरज हांसदा ने 66वें और 69वें मिनट में दो गोल किए, जबकि पोरेश किस्कू और छोटूलाल हांसदा ने एक-एक गोल का योगदान दिया. शिशु डोमकॉम की ओर से एकमात्र गोल दुखू सोरेन ने 83वें मिनट में किया, जिससे हार का अंतर कुछ कम हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nesar ahamad

Published by: Pradip Kumar Mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >