जमशेदपुर : साकची स्थित झामुमो जिला कार्यालय में सोमवार को जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में राज्य के कैबिनेट मंत्री स्व. सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. पूर्वी सिंहभूम जिला झामुमो कार्यालय में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया.
निधन को झारखंड के लिए बताया अपूरणीय क्षति
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. सोनू दा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया और उनके निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया. विक्टर सोरेन ने कहा - सुदीव्य कुमार ‘सोनू’ ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा आम लोगों, गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों की आवाज को मजबूती से उठाया. जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और संघर्षशील जीवन हमेशा प्रेरणा देता रहेगा.
जनता के बीच सक्रियता को हमेशा किया जाएगा याद
पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका तथा जनता के बीच उनकी सक्रियता को लंबे समय तक याद किया जायेगा. इस अवसर पर जिला अध्यक्ष-विक्टर सोरेन, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी,पूर्व सांसद सुमन महतो, केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, महावीर मुर्मू, वीरसिंह सुरीन, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, विद्यासागर दास, उमानाथ झा, रतन महतो, सुशील हेंब्रम, अभय पाण्डेय समेत अन्य उपस्थित थे
