जमशेदपुर : जमशेदपुर में बदमाशों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब सुनसान रास्तों पर हथियार दिखाकर राहगीरों को लूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं. टेल्को थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने चापड़ का भय दिखाकर नुवोको कंपनी के ठेका कर्मी हरमीत सिंह से 13 हजार रुपये लूट लिये. बदमाशों ने उसके गले से चेन छीनने का भी प्रयास किया, लेकिन अचानक कुछ लोगों के पहुंच जाने से वे मौके से फरार हो गये.
एटीएम से रुपये निकालकर घर लौट रहा था युवक
हरमीत सिंह के मुताबिक, वह गोलमुरी थाना क्षेत्र के 10 नंबर बस्ती का रहने वाला है. नुवोको कंपनी में ठेकेदारी में काम करता है. सोमवार को छुट्टी होने के कारण वह करीब 2.45 बजे बाइक से कंपनी से घर के लिए निकला. टाटा पावर स्थित एक एटीएम से उसने 13 हजार रुपये निकाले और बाइक से घर की ओर जाने लगा. तार कंपनी से रामाधीन बगान जाने वाले सुनसान रास्ते पर एक बाइक सवार तीन युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया. तीनों एक ही बाइक पर सवार थे. बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. बदमाशों ने चापड़ उसकी गर्दन पर सटा दिया और जेब में रखे पूरे 13 हजार रुपये निकाल लिये.
गाली-गलौज के बाद चेन छीनने लगे, तभी पहुंची भीड़
रुपये लूटने के बाद बदमाशों ने हरमीत के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उसके गले से चांदी की चेन छीनने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान रास्ते से कुछ लोग वहां पहुंच गये. लोगों को आता देख तीनों बदमाश बाइक से नीलडीह सिग्नल की ओर भाग निकले. हरमीत ने भी बाइक से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की. लेकि, बदमाश वहां से भाग निकले.
गोलमुरी से टेल्को थाना भेजा, देर शाम तक शिकायत नहीं
घटना के बाद हरमीत गोलमुरी थाना पहुंचा. इसके बाद पुलिस को पूरी जानकारी दी. गोलमुरी पुलिस ने घटनास्थल टेल्को थाना क्षेत्र में होने की बात कहते हुए उसे टेल्को थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा. हालांकि देर शाम तक पीड़ित की ओर से टेल्को थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी थी. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को पुलिस ने अपने स्तर से छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है.
सुनसान रास्ते और हथियार बने बदमाशों का हथकंडा
इस घटना ने शहर में राह चलते लोगों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर सुनसान रास्तों पर चापड़ जैसे धारदार हथियार दिखाकर डराने और लूटपाट करने का तरीका लोगों के लिए चिंता का कारण बन रहा है. हालांकि, उपलब्ध मामले के आधार पर शहर में ऐसी घटनाओं में वृद्धि का आंकड़ा सामने नहीं है, लेकिन टेल्को की यह वारदात बताती है कि हथियार का भय दिखाकर अपराध करने वाले बदमाश अब भी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं.
