जमशेदपुर: शहर के युवा फिल्ममेकर प्रसनजीत महतो के इंडिपेंडेंट प्रोडक्शन हाउस 'स्लाइस ऑफ अस' के बैनर तले बनी झारखंड की पहली हॉरर वेब सीरीज 'वन लाइफ रिमेनिंग' का ऑफिशियल ट्रेलर जारी हो गया है. 13 सितंबर को YouTube और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुए ट्रेलर को अब तक 10 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. छह एपिसोड वाली इस सीरीज का पहला एपिसोड 20 सितंबर 2026 को 'स्लाइस ऑफ अस' के YouTube चैनल पर प्रीमियर होगा. इसके बाद हर सप्ताह एक नया एपिसोड जारी किया जायेगा.
कैफे रीगल से शुरू हुआ एक दशक पुराना सपना
इस सीरीज की कहानी का आइडिया साल 2014 में आया था. उस समय प्रसनजीत महतो 'मैक' से VFX और Animation की पढ़ाई कर रहे थे. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कैफे रीगल के विंटेज और रेट्रो इंटीरियर ने उन्हें काफी प्रभावित किया. बाद में करीम सिटी कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग में पढ़ाई के दौरान उन्होंने कैफे रीगल को बैकड्रॉप बनाकर एक शॉर्ट फिल्म की कहानी तैयार की.
इसके बाद मुंबई, बैंगलोर और दिल्ली में एड फिल्मों, म्यूजिक वीडियो और शॉर्ट फिल्मों में काम करने का अनुभव हासिल करने के बाद उन्होंने इसी कॉन्सेप्ट को छह एपिसोड की वेब सीरीज में बदला. करीब डेढ़ साल की मेहनत के बाद 2024 में इसकी स्क्रिप्ट रजिस्टर्ड करायी गयी.
10 दिनों में पूरी हुई शूटिंग
सीरीज का प्री-प्रोडक्शन जुलाई 2025 में शुरू हुआ और नवंबर तक कास्टिंग पूरी कर ली गयी. दिसंबर 2025 में जमशेदपुर और आसपास की लोकेशन पर 10 दिनों के शेड्यूल में शूटिंग पूरी हुई. शूटिंग परसुडीह, डी' हैमरे, कैफे रीगल, ले बॉन, सुंदरनगर, बोड़ाम और जमशेदपुर के बाहरी इलाकों में हुई.
जनवरी से अगस्त 2026 तक पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चला. कलाकारों की करीब एक महीने तक डबिंग करायी गयी. FTII पुणे के साउंड इंजीनियर तुषार कांगारकर ने साउंड डिजाइन, फोली और मिक्स-मास्टर का काम संभाला. बैकग्राउंड स्कोर प्रसनजीत महतो ने तैयार किया, जबकि VFX मुंबई के रोहित कुमार (फ्रेमवर्क्स) ने किया. अगस्त में सीरीज का फाइनल कट तैयार हुआ.
जमशेदपुर के कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
सीरीज के लेखक, निर्देशक, निर्माता और एडिटर प्रसनजीत महतो हैं. कैमरे की जिम्मेदारी शिव शंकर ठाकुर ने संभाली है, जबकि मेकअप प्रीतम मन्ना ने किया है. मुख्य कलाकारों में अत्रि भट्टाचार्य, कुणाल सन्निग्राही, शुभाशीष घोष, साई सुजल, पी. दामिनी, पी. यामिनी और रॉनी फिलिप्स शामिल हैं. ये सभी जमशेदपुर के रहने वाले हैं.
प्रसनजीत महतो ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य झारखंड के स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को वैश्विक मंच देना है. उनका कहना है कि आने वाले समय में 'स्लाइस ऑफ अस' राज्य के युवाओं को मौका देने के लिए ऐसे और प्रोजेक्ट्स पर काम करेगा.
