जमशेदपुर : परसुडीह थानांतर्गत सरजामदा के जमीन कारोबारी संजीव सिंह की हत्या मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे झामुमो नेता दुबराज नाग सोमवार की देर शाम को घाघीडीह जेल से बाहर निकले. दुबराज नाग के स्वागत के लिए जेल गेट पर कई समर्थक और उनके परिजनों की भीड़ पहुंची. जेल गेट से निकलने के बाद सभी वहां से रवाना हो गये.
11 अगस्त को हाई कोर्ट से मिली थी जमानत
इस मामले में दुबराज को 11 अगस्त को हाइकोर्ट से जमानत मिली थी. लेकिन कोर्ट से जेल प्रबंधन को रिलीज ऑर्डर नहीं मिली थी. सोमवार को जमशेदपुर कोर्ट से घाघीडीह जेल प्रबंधन को रिलीज ऑर्डर मिला. इसके बाद दुबराज को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जेल से रिहा किया गया. मामले में बचाव पक्ष के अधिवक्ता अखिलेश कुमार ने बताया - दुबराज नाग को हाइकोर्ट के जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की अदालत से जमानत मिली है. इस मामले में उनके सहयोगी झामुमो नेता जितेंद्र सिंह को कोर्ट से पूर्व में जमानत मिली थी.
जमीन कारोबारी की हत्या करने पर कोर्ट से सुनायी थी सजा
गौरतलब है कि गोविंदपुर थानांतर्गत जाेजोबेड़ा रेलवे फाटक के पास 19 जनवरी 2016 को सरजामदा के जमीन कारोबारी संजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में कोर्ट ने जितेंद्र सिंह और दुबराज नाग को आजीवन कारावास की सजा सुनायी थी.
