संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Jamshedpur News: राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बढ़ती घुसपैठ पर गहरी चिंता जताई है. जमशेदपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर घुसपैठ के कारण डेमोग्राफी में बड़ा बदलाव आया है. इसका सबसे बुरा असर आदिवासी समाज पर पड़ा है. बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट किया कि यदि नागरिकता की स्थिति स्पष्ट नहीं होती है, तो वे केंद्र सरकार से झारखंड में एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) लागू करने की मांग करेंगे.
आदिवासियों की घटती जनसंख्या पर जताई चिंता
बाबूलाल मरांडी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 1951 में राज्य में आदिवासियों की जनसंख्या 35.38 प्रतिशत थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 26.20 प्रतिशत रह गई है. उन्होंने आशंका जताई कि आगामी जनगणना के आंकड़े और भी भयावह हो सकते हैं. उनके अनुसार, बंगाल के रास्ते बांग्लादेशी घुसपैठिए झारखंड में प्रवेश कर रहे हैं और पूरे देश में फैल रहे हैं. उन्होंने कहा कि घुसपैठ रोकने के लिए एनआरसी के अलावा अब कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता है.
राज्य सरकार पर साधा निशाना
बाबूलाल मरांडी ने वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार, लूट और अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है. विपक्ष का काम सरकार की गलत नीतियों का विरोध करना है, लेकिन सत्ता पक्ष कार्रवाई करने के बजाय केवल बयानबाजी कर रहा है. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार के पास उनके खिलाफ कोई सबूत है तो वह कार्रवाई करे.
राहुल और ममता पर गुमराह करने का आरोप
एनआरसी और नागरिकता के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया. मरांडी ने कहा कि ये नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने बंगाल में पकड़े गए बांग्लादेशियों के रूट मैप का जिक्र करते हुए सुरक्षा पर सवाल उठाए.
संगठन की बैठक में होंगे शामिल
इससे पूर्व, सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस अवसर पर व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक नीरज सिंह, पूर्व प्रवक्ता राजेश शुक्ल समेत कई नेता मौजूद थे. बाबूलाल मरांडी सोमवार को घाटशिला में आयोजित भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
यह भी पढ़ें: गोड्डा : विश्वासखानी में शुद्ध पेयजल प्लांट की सौगात, ग्रामीणों में खुशी की लहर
यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी
