jamshedpur news : झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा : मैथ और रीजनिंग ने छुड़ाये पसीने

जिले के 60 केंद्रों पर हुई झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा, पहली पाली में 26,560 परीक्षार्थियों में 13,318 व दूसरी पाली में 13,354 अभ्यर्थी ही हुए शामिल

jamshedpur news : झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के 60 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. जिले में 26,560 परीक्षार्थियों के लिए केंद्र बनाये गये थे, लेकिन पहली पाली में सिर्फ 13,318 अभ्यर्थी ही शामिल हुए. 13,242 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. दूसरी पाली में सिर्फ 13,354 अभ्यर्थी ही शामिल हुए और 13,206 परीक्षार्थी नहीं पहुंचे. प्रतिभागियों के अनुसार, पहली पाली में सामान्य अध्ययन का पेपर काफी संतुलित था, जबकि दूसरी पाली में मैथ और रीजनिंग ने काफी उलझाया.

थ्री-लेयर जांच से गुजरे छात्र

परीक्षा केंद्रों पर इस बार थ्री-लेयर जांच के इंतजाम थे. प्रत्येक परीक्षार्थी को मेटल डिटेक्टर, बायोमीट्रिक हाजिरी और आंखों की गहन जांच (आइरिस स्कैन) के बाद ही प्रवेश दिया गया. जांच करने वाले मशीनों की संख्या 10-12 थी. इसे लेकर काफी संख्या में सरकारी कर्मियों को तैनात किया गया था. इस प्रक्रिया में एक अभ्यर्थी पर औसतन 5 मिनट लगने से विद्यार्थियों को काफी देर तक कतारों में खड़े रह कर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा. सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस फोर्स, फ्लाइंग स्क्वॉड और सीसीटीवी की व्यवस्था की गयी थी.

9:45 बजे तक हर हाल में एंट्री का था निर्देश

सोनारी मिथिला हाइस्कूल, दयानंद पब्लिक स्कूल, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बीपीएम स्कूल बर्मामाइंस समेत अन्य कई जगहों पर परीक्षार्थियों की लंबी लाइन लग गयी थी. सुरक्षा जांच में देरी की लगातार शिकायत जिला स्तर पर बनाये गये कंट्रोल रूम में आ रही थी. अधिकारी भी लगातार रांची स्थित कंट्रोल रूम के संपर्क में थे. जिले के अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी रांची कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद आदेश दिया गया कि अगर ऐसा लग रहा है कि तय समय पर एंट्री नहीं हो पायेगी, तो किसी भी हाल में जल्दी-जल्दी सभी अभ्यर्थियों को 9:45 बजे तक गेट में प्रवेश करवा लें. जरूरत पड़ने पर क्लास रूम में भी परीक्षा शुरू होने से पूर्व बायोमीट्रिक करवा लिया जायेगा. हालांकि, जानकारी के अनुसार इस प्रकार की जरूरत किसी परीक्षा केंद्र पर नहीं पड़ी.

सुबह-शाम में प्रमुख चौराहों पर झेलना पड़ा जाम

सुबह से ही साकची, बिष्टुपुर, बर्मामाइंस, सोनारी, मानगो जैसे इलाकों में परीक्षार्थियों की काफी भीड़ देखी गयी. हालांकि, झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा से सबक लेते हुए जिला प्रशासन ने इस बार रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की थी, फिर भी सुबह में करीब आठ बजे और परीक्षा देकर निकलने के बाद शाम 5.30 बजे साकची गोलचक्कर, मानगो पुल, बाग-ए-जमशेद, स्टेशन गोलचक्कर समेत अन्य प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे संभालने के लिए पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akhilesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >