झारखंड बंद पर जमशेदपुर पुलिस सख्त, उपद्रव किया तो FIR, 55 जगहों पर मजिस्ट्रेट तैनात

भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद के बावजूद जमशेदपुर में मंगलवार को जनजीवन सामान्य रहा. स्कूल, बस और ऑटो का परिचालन जारी रहा. हालांकि, जिला प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क है.

जमशेदपुर में मंगलवार को भाजपा के आहूत झारखंड बंद के बीच सुबह से जनजीवन सामान्य नजर आ रहा है. भुइयांडीह स्थित जेपी सेतु बस स्टैंड से रांची, धनबाद, बोकारो, चाईबासा समेत राज्य के अलग-अलग जिलों के लिए यात्री बसों का परिचालन जारी है. शहर के अंदर ऑटो और मिनी बसें भी आम दिनों की तरह चल रही हैं. वहीं निजी और सरकारी स्कूलों में भी सुबह की पाली में पठन-पाठन सामान्य रूप से जारी रहा और बच्चे समय पर स्कूल पहुंचे.

हालांकि बंद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. किसी भी अप्रिय घटना या अचानक होने वाले प्रदर्शन से निपटने के लिए जिले के 55 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 55 दंडाधिकारियों यानी मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है. मानगो, साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, टेल्को, परसुडीह और बागबेड़ा के साथ घाटशिला, चाकुलिया और बहरागोड़ा तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है.


साकची मिनी बस स्टैंड

डिमना चौक और टाटानगर स्टेशन पर खास नजर

बंद के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए डिमना चौक और टाटानगर रेलवे स्टेशन पर वाटर कैनन, वज्र वाहन और अश्रुगैस टीमों को तैनात रखा गया है. प्रशासन की कोशिश है कि बंद के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे.

एसडीओ धालभूम, एसडीओ घाटशिला, सिटी एसपी और रूरल एसपी खुद अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं.

जबरन दुकान बंद कराई तो होगी FIR

जिला प्रशासन ने बंद समर्थकों को साफ संदेश दिया है कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. बंद के नाम पर जबरन दुकान बंद कराने, एनएच-33 या रेलवे ट्रैक बाधित करने अथवा निजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

उपद्रव करने वालों की पहचान के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस या प्रदर्शन के संभावित रास्तों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है. प्रशासन का कहना है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

सुबह से बस-ऑटो और स्कूल-कॉलेज सामान्य

बंद के बावजूद मंगलवार सुबह जमशेदपुर में यातायात व्यवस्था सामान्य नजर आई. जेपी सेतु बस स्टैंड से लंबी दूरी की बसें चल रही हैं. रांची, धनबाद, बोकारो और चाईबासा जाने वाले यात्रियों के लिए बस सेवा जारी है. शहर के अंदर ऑटो और मिनी बसों का परिचालन भी हो रहा है.

वहीं स्कूल-कॉलेजों में भी सुबह की पाली में पढ़ाई सामान्य रूप से चल रही है. फिलहाल जमशेदपुर में बंद का असर सीमित नजर आ रहा है, जबकि पुलिस और प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >