दुर्गापूजा से पहले बदलेगी जमशेदपुर की ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख चौराहों पर होगा ‘लेफ्ट फ्री’, ब्लैक स्पॉट पर भी एक्शन, पढें पूरी खबर

जमशेदपुर में दुर्गापूजा के दौरान भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव होने वाले हैं. जिला प्रशासन और टाटा स्टील मिलकर नई योजना पर काम कर रहे हैं. पूजा से पहले प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था लागू की जाएगी, साथ ही सड़क सुरक्षा के उपायों पर भी जोर दिया जाएगा.

जमशेदपुर : दुर्गापूजा में शहर की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था में जल्द बदलाव दिखेगा. सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और जाम से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन और टाटा स्टील ने मिलकर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की है. शॉर्ट टर्म प्लान के तहत दुर्गापूजा से पहले प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय किये जायेंगे. इसके साथ डिवाइडर, स्लाइडर और ट्रैफिक सिग्नल को भी व्यवस्थित किया जायेगा.

तीन चरणों में होगा ट्रैफिक सुधार का काम

समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई. इसमें एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारीब समेत प्रशासन, पुलिस और टाटा स्टील के वरीय अधिकारी शामिल हुए. बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को शॉर्ट, मिड और लॉन्ग टर्म प्लान के तहत सुधारने का निर्णय लिया गया. उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है. इसलिए दुर्घटनाओं की रोकथाम और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस और चरणबद्ध कदम उठाये जायेंगे.

पूजा से पहले इन जगहों पर दिखेंगे बदलाव

शॉर्ट टर्म प्लान के तहत ऐसे कामों को प्राथमिकता दी जायेगी, जिन्हें कम समय में पूरा किया जा सकता है. इनमें प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट फ्री व्यवस्था लागू करना, खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करना और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय करना शामिल है. साथ ही डिवाइडर और स्लाइडर की स्थिति सुधारने तथा ट्रैफिक सिग्नलों को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया गया. प्रशासन का मानना है कि पूजा के दौरान इन उपायों से यातायात को सुचारु रखने और जाम का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

दो-तीन महीने में होंगे संरचनात्मक सुधार

मिड टर्म प्लान के तहत अगले दो से तीन महीनों में जरूरी संरचनात्मक और यातायात प्रबंधन से जुड़े सुधार किये जायेंगे. इसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े स्थायी उपायों को प्राथमिकता दी जायेगी. वहीं, लॉन्ग टर्म प्लान के तहत टाटा स्टील की तकनीकी विशेषज्ञ टीम पूरे शहर का विस्तृत ट्रैफिक सर्वे करेगी. सर्वे में शहर की यातायात व्यवस्था, प्रमुख मार्गों, चौराहों और जाम वाले क्षेत्रों का अध्ययन किया जायेगा.

सर्वे रिपोर्ट के बाद बनेगी बड़ी कार्ययोजना

ट्रैफिक सर्वे की रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के साथ दोबारा समीक्षा की जायेगी. इसके आधार पर शहर में बड़े स्तर पर यातायात सुधार से जुड़े कार्य किये जायेंगे. बैठक में डीडीसी नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी समेत टाटा स्टील के चीफ कॉरपोरेट सर्विसेज बरुन बजाज, चीफ सिक्योरिटी ब्रिगेडियर जितेंद्र कुमार शेखावत, जुस्को के आरके सिंह और अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeev bhardwaj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >