jamshedpur news : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन : आज होगा जेएन टाटा की प्रतिमा का अनावरण
रक्तदान में 3000 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य
चार हजार से अधिक रक्तदाताओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
jamshedpur news :
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन तीन मार्च को संस्थापक दिवस के अवसर पर सेवा और श्रद्धा का एक नया अध्याय जोड़ने जा रही है. इस बार दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आकर्षण के केंद्र होंगे. पहले कार्यक्रम में यूनियन कार्यालय परिसर में संस्थापक जेएन टाटा की प्रतिमा का अनावरण होगा, तो दूसरे कार्यक्रम में यूनियन ने रक्तदान के क्षेत्र में अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़कर 3000 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. यूनियन ने वर्ष 2024 में 2700 यूनिट और वर्ष 2025 में 2906 यूनिट रक्त संग्रह कर कीर्तिमान स्थापित किया था. अब तक 4 हजार से अधिक रक्तदाताओं ने अपना नामांकन करा लिया है. महामंत्री आरके सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आने वाले किसी भी रक्तदाता को असुविधा नहीं होनी चाहिए.
यूनियन परिसर में लगेंगे 44 बेड, सुबह 6 बजे से शुरू होगा शिविर
रक्तदाताओं की सुविधा के लिए यूनियन परिसर में 44 अत्याधुनिक बेड, 7 रजिस्ट्रेशन काउंटर और रक्त जांच के लिए 3 काउंटर बनाये गये हैं. शिविर सुबह 6 बजे से शुरू होगा. रजिस्ट्रेशन, हीमोग्लोबिन टेस्ट और डोनेशन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाये गये हैं. एक साथ 44 लोग रक्तदान कर सकेंगे. जमशेदपुर ब्लड बैंक और पारा मेडिकल की टीम सोमवार से ही मोर्चे पर डटी है. साथ ही सभी के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की गयी है. सोमवार को अध्यक्ष और महामंत्री ने संयुक्त रूप से पूरे परिसर का निरीक्षण कर अंतिम निर्देश दिया.
गोपेश्वर हॉल में हुई समीक्षा बैठक, बांटी गयीं जिम्मेदारियां
तैयारियों को लेकर सोमवार को यूनियन के गोपेश्वर हॉल में महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें अतिथियों के स्वागत, भोजन, पार्किंग और मेडिकल सुविधाओं पर गहन मंथन हुआ. महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि हमारे लिए हर रक्तदाता महत्वपूर्ण है. उनके सम्मान और सुविधा में कोई कमी नहीं आनी चाहिए. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने सभी से एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की. बैठक का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा और धन्यवाद ज्ञापन एमके सिंह ने किया.
यूनियन की पहल : 10 हजार दीपों से जगमगायेगी टेल्को कॉलोनी
टाटा साहब के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए यूनियन ने अनूठी पहल की है. टेल्को और आसपास के क्षेत्रों में 10 हजार से अधिक दीप बांटे गये हैं. यूनियन ने अपील की है कि 3 मार्च की शाम सभी कर्मचारी और क्षेत्रवासी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर महामानव जेएन टाटा को अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.