Jamshedpur News : शब्बीर हत्याकांड : शव के साथ परिजनों ने दो घंटे तक ओपी गेट पर किया हंगामा

Jamshedpur News : कपाली गौसनगर निवासी शब्बीर आलम की मंगलवार को चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

हत्याकांड में दो गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी जारी

Jamshedpur News :

कपाली गौसनगर निवासी शब्बीर आलम की मंगलवार को चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी. बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजन शव लेकर सीधे कपाली ओपी के समक्ष पहुंचे. शव को ओपी के गेट के समक्ष रखकर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. परिजन करीब दो घंटे तक कपाली ओपी के बाहर जमे रहे. परिजन शव लेकर ओपी के अंदर जाना चाह रहे थे, मगर गेट पुलिसकर्मियों ने बंद कर दिया था. इस दौरान कपाली ओपी प्रभारी भी नहीं थे. ओपी के बाहर प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर अजय कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द करने का भरोसा दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए.

शब्बीर की मौत के लिये सलामत भी जिम्मेवार : मकसूद

मृतक शब्बीर के पिता मकसूद आलम के अनुसार बस्ती के सलामत का सन्नू व अन्य के साथ झगड़ा हुआ था. जिसके बाद सलामत घर पहुंचा और बेटा शब्बीर को साथ ले गया. जहां युवकों ने चाकू मारकर शब्बीर की हत्या कर दी. शब्बीर की मौत के लिये सलामत भी जिम्मेवार है. अब उसके घरवाले भी धमकी दे रहे हैं. मकसूद के अनुसार बेटा साकची में एक कपड़ा दुकान में काम करता था. पांच बेटों में शब्बीर सबसे छोटा था. पुलिस हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे.

शब्बीर हत्याकांड में दो युवक गिरफ्तार

पुलिस की मानें तो शब्बीर की हत्या में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. अन्य की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है. आपसी विवाद में घटना घटी है. मामले की जांच की जा रही है. मालूम हो कि मंगलवार को फोन पर गाली-गलौज के बाद कपाली के रामू होटल के पास कुछ युवकों ने शब्बीर पर चाकू से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >