Jamshedpur News : उलीडीह में शरारती तत्वों ने पानी टंकी में की तोड़फोड़, मोटर का काटा तार और नल उखाड़े, जल संकट गहराया

Jamshedpur News : भीषण गर्मी की आहट के बीच जहां मानगो नगर निगम क्षेत्र के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं.

4.23 लाख की लागत से विधायक निधि से हुआ था निर्माण, टैंकर से निगम ने शुरू की जलापूर्ति

Jamshedpur News :

भीषण गर्मी की आहट के बीच जहां मानगो नगर निगम क्षेत्र के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं. वहीं असामाजिक तत्वों ने मानगो के उलीडीह बिरसा रोड स्थित सामुदायिक भवन के समीप विधायक निधि से निर्मित पानी टंकी और डीप बोरिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया है. जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के विधायक सरयू राय की निधि से 4 लाख 23 हजार 220 रुपये की लागत से बनी इस योजना को नुकसान पहुंचाये जाने से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है.

महीनों पहले हुआ था उद्घाटन, अब सप्लाई ठप

क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से कुछ महीने पहले ही इस योजना का उद्घाटन किया गया था, लेकिन असामाजिक तत्वों ने न केवल टंकी के सात में से दो नलों को उखाड़ फेंका. बल्कि सबमर्सिबल पंप के कंट्रोल पैनल से छेड़छाड़ कर बिजली के तार भी काट दिये. इस घटना के बाद टंकी से जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गयी है.

टैंकर और कुएं के भरोसे आबादी

एक तरफ मानगो जलापूर्ति योजना की पाइपलाइन में खराबी और लो-वोल्टेज के कारण पूरे मानगो में हाहाकार मचा है, वहीं इस स्थानीय विकल्प के बंद होने से बिरसा रोड के लोग पूरी तरह लाचार हो गये हैं. जिन घरों में पाइपलाइन का कनेक्शन नहीं है. वे अब दूर-दराज के चापाकल और कुओं की दौड़ लगा रहे हैं. फिलहाल नगर निगम टैंकर भेजकर खानापूर्ति कर रहा है, लेकिन वह ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है.

प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है. लोगों का कहना है कि इस करतूत के पीछे जिसका भी हाथ है. उसकी जांच कर कार्रवाई की जाये. साथ ही मोटर की मरम्मत कराकर जलापूर्ति बहाल की जाये.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh singh

राजेश कुमार सिंह, 19 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे है. कटिहार जिला के मनिहारी अनुमंडल से प्रिंट के साथ डिजिटल में तीन वर्षों से कार्य कर रहे हैं. राजनीति, समाजिक क्षेत्र में गहरी रूचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >