Jamshedpur news: जमशेदपुर को नए बस स्टैंड के लिए करना होगा और इंतजार, फिर बढ़ी टेंडर की तारीख

जमशेदपुर में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण में एक बार फिर देरी होने वाली है. परियोजना के टेंडर की अंतिम तिथि को तीसरी बार बढ़ाया गया है, जिससे योजना को धरातल पर उतारने में और समय लगेगा. वर्तमान जेपी सेतु बस स्टैंड की बदहाली को देखते हुए इस नए टर्मिनल का इंतजार है.

जमशेदपुर: मानगो के डिमना चौक के पास अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) व कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण में और देरी होगी. कारण यह कि 13 एकड़ भूमि पर बनने वाली परियोजना के टेंडर की अंतिम तिथि तीसरी बार बढ़ा दी गयी है. जुडको की ओर से जारी नये आदेश के अनुसार, टेंडर की अंतिम तिथि को अगस्त से बढ़ाकर 15 सितंबर कर दिया गया है.

इससे योजना को जमीन पर उतारने में अभी और समय लगेगा. मालूम हो कि शहर की बढ़ती आबादी और अंतरराज्यीय बस परिचालन के दबाव को देखते हुए मानगो के डिमना चौक के पास अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आइएसबीटी बनाने को मंजूरी दी गयी है.

पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर परियोजना का निर्माण किया जाना है. इसके लिए 153.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है. योजना के तहत विशाल व आधुनिक बस टर्मिनल के साथ-साथ अत्याधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और जल संसाधन विभाग का कार्यालय एक ही परिसर में विकसित किया जाना है.

जेपी सेतु बस स्टैंड में रोजाना लग रहा जाम

वर्तमान में जेपी सेतु बस स्टैंड में बसों के दबाव से रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है. बस स्टैंड में मूलभूत सुविधाओं तक का घोर अभाव है. स्टैंड में न तो यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही साफ-सुथरे शौचालय व शुद्ध पेयजल की सुविधा है.

मुख्य सड़क के किनारे ही बसें खड़ी रहती हैं, जिससे मानगो गोलचक्कर पर रोजाना जाम लगता है. बिहार, बंगाल, ओडिशा और राज्य के अन्य जिलों से आने-जाने वाली सैकड़ों बसों के संचालन के लिए वर्तमान जगह नाकाफी साबित हो रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >