जमशेदपुर में बोनस को लेकर बढ़ी हलचल, टाटा मोटर्स समेत इन कंपनियों पर टिकी नजर

जमशेदपुर की औद्योगिक कंपनियों में बोनस को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. टाटा स्टील में बोनस वार्ता के बीच, टाटा मोटर्स, टिनप्लेट, तार कंपनी जैसी कई बड़ी कंपनियों में कर्मचारियों को अच्छे बोनस की उम्मीद है. उत्पादन और मुनाफे को देखते हुए इस बार बोनस में बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे त्योहारी सीजन से पहले बाजार में रौनक बढ़ने की उम्मीद है.

जमशेदपुर: टाटा स्टील में सालाना बोनस समझौते को लेकर चल रही सरगर्मियों के बीच जमशेदपुर की दूसरी औद्योगिक कंपनियों में भी बोनस को लेकर गतिविधियां तेज हो गयी हैं. टाटा स्टील में बोनस वार्ता अंतिम दौर में पहुंचते ही टाटा मोटर्स, टिनप्लेट, तार कंपनी, जेम्को, न्युवोको, टाटा कमिंस समेत शहर की कई छोटी-बड़ी कंपनियों में बोनस को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है.

इस बार कई कंपनियों के बेहतर उत्पादन और मुनाफे को देखते हुए कर्मचारियों को बोनस में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद है. अनुमान है कि जमशेदपुर की विभिन्न कंपनियों से करीब 500 से 600 करोड़ रुपये बोनस के रूप में बाजार में आ सकते हैं. इससे त्योहारी सीजन से पहले बाजार में भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है.

टाटा मोटर्स में नये वेज रिवीजन का असर

टाटा मोटर्स में नये वेज रिवीजन और एरियर का असर इस बार बोनस पर भी पड़ने की उम्मीद है. वर्ष 2025 में करीब 8,300 कर्मचारियों को औसतन 50,160 रुपये और अधिकतम 75,223 रुपये बोनस मिला था. इस बार नये वेतन समझौते के बाद कर्मचारियों की नजर बोनस समझौते पर है.

टिनप्लेट, तार कंपनी और जेम्को में भी उम्मीद

टिनप्लेट, तार कंपनी और जेम्को के टाटा स्टील का हिस्सा बनने के बाद इन कंपनियों के बोनस पर टाटा स्टील के फॉर्मूले का असर देखने को मिल सकता है. पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कर्मचारियों को बेहतर बोनस मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है.

जोजोबेडा स्थित न्युवोको में पिछले वर्ष कर्मचारियों को 20 फीसदी बोनस मिला था. अधिकतम बोनस राशि 2,37,625 रुपये थी. इस बार बेसिक और डीए में बढ़ोतरी के साथ कंपनी के बेहतर उत्पादन को देखते हुए कर्मचारियों को 20 फीसदी या उससे अधिक बोनस मिलने की उम्मीद है.

टाटा कमिंस में नये वेतनमान के आधार पर होगा फैसला

टाटा कमिंस में नये वेतनमान के आधार पर बोनस तय किया जायेगा. पिछले साल 773 कर्मचारियों के बीच 9.03 करोड़ रुपये का बोनस बांटा गया था. यह 20 फीसदी था और कर्मचारियों को अधिकतम 1,41,537 रुपये तक बोनस मिला था. इस बार नये वेतनमान के कारण बोनस को लेकर कर्मचारियों की उम्मीद बढ़ी हुई है.

टीएसडीपीएल में भी बढ़ोतरी की उम्मीद

टीएसडीपीएल में वर्ष 2025 में कर्मचारियों को 16 फीसदी बोनस मिला था. इस बार कंपनी का कारोबारी प्रदर्शन बेहतर रहने के कारण कर्मचारियों को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बोनस मिलने की उम्मीद है.

जुस्को में केपीआई के आधार पर तैयार होगा फॉर्मूला

टाटा स्टील यूआईएसएल यानी जुस्को में बोनस के लिए नया फॉर्मूला तैयार किया जा रहा है. इसमें पीबीटी, सुरक्षा, ग्राहक संतुष्टि और वाटर लॉस जैसे प्रमुख केपीआई को आधार बनाया जा रहा है. इन्हीं मानकों के आधार पर बोनस राशि तय की जायेगी.

टिमकेन और टाटा कलर्स में भी बढ़ेगा बोनस

टिमकेन में वेज रिवीजन के बाद कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में बोनस राशि में भी इजाफे की उम्मीद है. वहीं टाटा ब्लूस्कोप से टाटा कलर्स बनी कंपनी में पिछले साल 19 फीसदी बोनस मिला था. इस बार वेतन में बदलाव और नये समीकरणों के कारण कर्मचारियों को बेहतर बोनस की उम्मीद है.

टीआरएफ में बोनस को लेकर संशय

कारोबारी मंदी के कारण टीआरएफ में बोनस को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. वर्ष 2025 में कर्मचारियों को 15.59 फीसदी बोनस मिला था और अधिकतम बोनस राशि 1,09,647 रुपये रही थी. इस बार पिछले साल के स्तर को बरकरार रखना भी कंपनी और यूनियन के लिए चुनौती माना जा रहा है.

यूनियन पदाधिकारियों ने शुरू की तैयारी

यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार विभिन्न कंपनियों में बोनस वार्ता की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. यूनियन का प्रयास है कि प्रबंधन के साथ बातचीत कर कर्मचारियों के हित में बेहतर से बेहतर बोनस समझौता कराया जाये.

यूनियन नेता राकेश्वर पांडेय ने कहा कि सभी संबंधित कंपनियों में बोनस को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. प्रबंधन के साथ बातचीत के दौरान कर्मचारियों के हित में बेहतर समझौता कराने का प्रयास किया जायेगा.

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के आरके सिंह ने कहा कि वेज रिवीजन के बाद प्रबंधन को प्रस्ताव भेज दिया गया है. जल्द ही औपचारिक वार्ता शुरू कर मजदूरों के हित में बेहतर समझौता कराने का प्रयास किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >