जमशेदपुर : जमशेदपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. ओडिशा से बाइक पर गांजे की खेप लेकर शहर पहुंच रहे तीन तस्करों को गालूडीह थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ. इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है.
गुप्त सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया - पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक बाइक से गांजे की बड़ी खेप लेकर जमशेदपुर की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई. पुलिस ने गालूडीह केनाल क्षेत्र के पास घेराबंदी की. इसी दौरान बाइक से आ रहे तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान उनके पास से 11 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया.
तीन तस्कर गिरफ्तार, पांच लाख का गांजा जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा निवासी रमेश कुमार सिंह, बाबूलाल यादव और टेल्को निवासी श्याम नाथ राय के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांजे की खेप ओडिशा से जमशेदपुर लाई जा रही थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
