जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा रेल मंडल में विकास कार्यों को लेकर 14 से 20 सितंबर तक रोलिंग ब्लॉक कार्यक्रम चलाया जाएगा. रेल लाइन और बुनियादी ढांचे के मेंटेनेंस कार्य के कारण अलग-अलग तारीखों में कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है. इस दौरान छह ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि छह अन्य ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेशन और शार्ट ओरिजिनेशन के साथ चलाया जाएगा. यानी कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित गंतव्य से पहले समाप्त होंगी और वहीं से वापस रवाना होंगी.
रेलवे के इस फैसले का असर झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के हजारों यात्रियों की आवाजाही पर पड़ेगा. दैनिक यात्रियों के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले 139 हेल्पलाइन या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रेन का रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें.
पूरी तरह रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
आद्रा-आसनसोल-आद्रा मेमू (68046-68045) 14, 17 और 20 सितंबर को रद्द रहेगी. आद्रा-भागा-आद्रा मेमू (68077-68078) 20 सितंबर को रद्द रहेगी. आसनसोल-पुरूलिया-आसनसोल मेमू (63594-63593) 14, 17, 19 और 20 सितंबर को रद्द रहेगी.
कुछ ट्रेनें आद्रा तक ही चलेंगी
टाटानगर-आसनसोल-बाराभूम-चक्रधरपुर मेमू (68056-68060) 20 सितंबर को केवल आद्रा तक जाएगी और वहीं से वापस लौटेगी. खड़गपुर-हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस (18035-18036) 14 और 17 सितंबर को आद्रा तक ही चलेगी. आसनसोल-पुरूलिया-आसनसोल मेमू (63594-63593) 15 और 16 सितंबर को केवल आद्रा स्टेशन तक संचालित होगी.
