प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
हावड़ा स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या-24 के कमीशनिंग कार्य के लिए 24 से 27 जुलाई तक 60 घंटे का नॉन-इंटरलाकिंग (एनआइ वर्क) का काम किया जायेगा. इसके कारण पूर्व रेलवे ने हावड़ा आने-जाने वाली कई लंबी दूरी ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है. इसका सीधा असर टाटानगर होकर चलने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा. नॉन इंटरलाकिंग का सबसे अधिक प्रभाव टाटानगर-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस पर पड़ेगा. 26 जुलाई को चलने वाली स्टील एक्सप्रेस को हावड़ा के बजाये सांतरागाछी स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जायेगा. वहीं, 25 जुलाई को हावड़ा से चलने वाली हावड़ा-टाटानगर स्टील एक्सप्रेस का प्रस्थान भी सांतरागाछी स्टेशन से होगा. यात्रियों को हावड़ा स्टेशन के स्थान पर सांतरागाछी से ट्रेन पकड़नी होगी.
इसके अलावा हावड़ा-हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस, हावड़ा-बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हावड़ा-चेन्नई मेल, गीतांजलि एक्सप्रेस, फलकनुमा एक्सप्रेस, हावड़ा-पुरी सुपरफास्ट, कोरोमंडल एक्सप्रेस, हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट, दुरंतो एक्सप्रेस और अन्य कई ट्रेनों को भी विभिन्न तिथियों में हावड़ा के बजाय सांतरागाछी या शालीमार स्टेशन से चलाया जायेगा या वहीं तक सीमित किया जायेगा. 27 जुलाई को नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण हावड़ा मंडल की 16 इएमयू लोकल ट्रेनें भी पूरी तरह रद्द रहेंगी. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने व टिकट पर अंकित प्रस्थान स्टेशन की पुष्टि करने की अपील की है.
