थम गया भोंपू का शोर, 23 को मतदान, 27 को परिणाम

पूर्वी सिंहभूम जिला में मानगो, जुगसलाई व चाकुलिया में नगर निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी की सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जायेंगे.

पूर्वी सिंहभूम के तीन निकायों के 70 वार्डों में 2.53 लाख मतदाता चुनेंगे अपनी सरकार

जमशेदपुर में चुनावी बिगुल

मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद, चाकुलिया नगर पंचायत में चुनाव में एक हजार कर्मचारी लगे

मतदान प्रक्रिया : दो मतपत्र, एक बॉक्स

इस बार की चुनावी प्रक्रिया में मतदाता को दो बैलेट पेपर दिये जायेंगे.

गुलाबी मतपत्र : महापौर (मेयर) या अध्यक्ष पद के लिए.

सफेद मतपत्र : वार्ड पार्षद पद के लिए. दोनों मतपत्रों पर मुहर लगाने के बाद मतदाता उन्हें एक ही मतपेटी में डालेंगे.

एक नजर में चुनाव

मतदान 23 फरवरी को

मतदान : सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा

कुल मतदाता : 2,53,617 (पुरुष व महिला)

मतदान केंद्र : 249 बूथों पर होगा मतदान

आरक्षण की स्थिति : मानगो मेयर व जुगसलाई अध्यक्ष पद महिला (अनारक्षित) और चाकुलिया अध्यक्ष पद एसटी महिला के लिए आरक्षित.

मानगो नगर निगम में कुल वार्ड-36, मतदान केंद्र 190 एवं कुल मतदाता- 196791

जुगसलाई नगर परिषद में कुल वार्ड-22, मतदान केंद्र-41 एवं कुल मतदाता- 44239

चाकुलिया नगर पंचायत में कुल वार्ड-12, मतदान केंद्र-18 एवं कुल मतदाता-12587

आरक्षण की स्थिति

मानगो नगर निगम- अनारक्षित (महिला)

जुगसलाई नगर परिषद – अनारक्षित (महिला)

चाकुलिया नगर पंचायत- अनुसूचित जनजाति (महिला)

जमशेदपुर.

पूर्वी सिंहभूम जिला में मानगो, जुगसलाई व चाकुलिया में नगर निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी की सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जायेंगे. मतों की गिनती 27 फरवरी को खासमहल स्थित प्रखंड विकास कार्यालय में बनाये गये स्टेट फूड कॉरपोरेशन (एसएफसी) के गोदाम में होगी. नगर निकाय चुनाव को लेकर 25 दिनों से जारी चुनाव प्रचार का शोर शनिवार की शाम पांच बजे थम गया. प्रचार वाहनों से पोस्टर बैनर हटाकर उन्हें प्रत्याशी के समर्थक-एजेंटों ने विदा किया. अब प्रत्याशी व उनके समर्थक छोटी-छोटी टोलियां बनाकर अलग-अलग मोहल्लों में पैदल ही संपर्क अभियान चलाकर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं.

मानगो, जुगसलाई व चाकुलिया में तीनों निकाय के 70 वार्ड में 249 मतदान केंद्रों पर 2,53,617 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे. हर मतदाता दो मत का इस्तेमाल करेंगे. मानगो नगर निगम मेयर और जुगसलाई नगर परिषद चेयरमैन का पद महिला आरक्षित है, जबकि चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष का पद अनुसूचित जनजाति की महिला के लिए आरक्षित है. चुनाव के कार्य में एक हजार से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है, जबकि प्रत्येक बूथ पर 1-4 संख्या बल के आधार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी.

मेयर-महापौर, अध्यक्ष के लिए मतदाता गुलाबी पर्ची वाले मतपत्र व वार्ड के लिए सफेद मतपत्र का इस्तेमाल करेंगे. मतदान के बाद एक ही बक्से में दोनों मतपत्र डाले जायेंगे.

मानगो नगर निगम में महापौर का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी को 15 लाख रुपये, वार्ड प्रत्याशी तीन लाख, जुगसलाई चेयरमैन के प्रत्याशी छह लाख रुपये, वार्ड सदस्य डेढ़ लाख व चाकुलिया में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पांच लाख रुपये व वार्ड सदस्यों को एक लाख रुपये की अधिकतम राशि ही चुनाव में खर्च करने की अनुमति दी गयी थी. चुनावी खर्च व प्रचार अभियान पर हर दिन नजर बनाये रखने के लिए राज्य स्तर से विशेष रूप से पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गयी थी.

मतगणना परसुडीह प्रखंड विकास कार्यालय स्थित नये गोदाम में होगी. चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए 13 कोषांग गठित किये गये हैं, जिनमें कार्मिक, मतपत्र, वाहन, विधि-व्यवस्था, और मीडिया कोषांग प्रमुख हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चुनाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. राज्य स्तर से पर्यवेक्षक भी पल-पल की निगरानी करेंगे.

तीन निकायों का गणित : मानगो में सबसे अधिक घमासान

जिले के तीन निकायों के 70 वार्डों में मतदान होना है. इसमें सबसे बड़ा क्षेत्र मानगो नगर निगम है, जहां 190 मतदान केंद्रों पर 1.96 लाख मतदाता वोट डालेंगे. वहीं, जुगसलाई में 41 और चाकुलिया में 18 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. दिलचस्प बात यह है कि तीनों ही निकायों में शीर्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिससे इस बार आधी आबादी के हाथ में शहर की कमान होगी.

मानगो के वार्ड नंबर-33 में सिर्फ मेयर के लिए होगा मतदान

मानगो नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-33 से वार्ड सदस्य पद के प्रत्याशी शीतल कुमार रजक (36 ) के देहांत के बाद वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है. स्थानीय मतदाता अब 33 नंबर वार्ड में मेयर प्रत्याशी के लिए मतदान करेंगे, जबकि वार्ड सदस्य के लिए यहां चुनाव नहीं होगा. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने एक रिपोर्ट बनाकर राज्य चुनाव आयोग को भेजी थी, जिसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने वार्ड-33 का चुनाव रद्द करने का आदेश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >