घाटशिला: घाटशिला अनुमंडल के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे बोर्ड ने घाटशिला स्टेशन पर दो प्रमुख ट्रेनों 12859/12860 मुंबई सीएसएम (टी)-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस तथा 12129/12130 पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस के ठहराव को आधिकारिक मंजूरी दे दी है.
यह निर्णय फिलहाल प्रारंभिक रूप से प्रायोगिक आधार पर लिया गया है. यह मंजूरी क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो के लगातार और अथक प्रयासों के बाद मिली है, जिन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, महाप्रबंधक (जीएम) और अन्य संबंधित उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर घाटशिला में इन महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग उठायी थी.
कोलकाता और पुणे की राह होगी आसान
गीतांजलि एक्सप्रेस के ठहराव से कोलकाता यात्रा करने वाले यात्रियों को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी. स्टील एक्सप्रेस के बाद कोलकाता जाने के लिए अब तक यात्रियों के पास बेहद सीमित विकल्प थे, लेकिन अब सुबह करीब 8:50 बजे घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि एक्सप्रेस के रुकने से दैनिक यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी.
आजाद हिंद एक्सप्रेस के घाटशिला में रुकने से पुणे सहित देश के कई अन्य प्रमुख महानगरों के साथ सीधी कनेक्टिविटी मजबूत हो जायेगी. खासकर उच्च शिक्षा के लिए पुणे जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा वर्ग तथा व्यापारियों को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा. इस ट्रेन के माध्यम से नागपुर, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक शहरों तक आना-जाना आसान हो जायेगा.
घाटशिला स्टेशन के विकास को मिली रफ्तार
सांसद के प्रयासों से इससे पहले भी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस और चाकुलिया लोकल सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव घाटशिला स्टेशन पर सुनिश्चित किया जा चुका है. इससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों को सहूलियत हो रही है. साथ ही, भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला स्टेशन का आधुनिकीकरण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
