धौनी के बाद टेरिटोरियल आर्मी में अधिकारी बनने वाले झारखंड के दूसरे क्रिकेटर बने एनएन सुब्रमण्यम, जानें उनकी कहानी

जमशेदपुर के एनएन सुब्रमण्यम, जो झारखंड के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके हैं, ने टेरिटोरियल आर्मी में अफसर बनकर प्रदेश का नाम रोशन किया है. उन्होंने लाखों अभ्यर्थियों को पछाड़कर 13वीं रैंक हासिल की है.

जमशेदपुर : जमशेदपुर (सोनारी) के रहने वाले राष्ट्रीय क्रिकेटर एनएन सुब्रमण्यम ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर भारतीय थल सेना (टेरिटोरियल आर्मी) में अफसर के पद पर चयनित होकर शहर और राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है. ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में 13वीं रैंक हासिल करने वाले सुब्रमण्यम वर्तमान में इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आइएमए), देहरादून में अपना प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन (राष्ट्रपति कमीशन) प्रदान किया जायेगा, जो एक क्लास-1 अधिकारी का पद होता है.

झारखंड के लिए अंडर 19 क्रिकेट खेल चुके हैं

झारखंड के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके लेग स्पिनर सुब्रमण्यम, पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के बाद सेना में लेफ्टिनेंट की उपाधि पाने वाले राज्य के दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं (हालांकि एमएस धौनी को मानद उपाधि दी गयी थी). कदमा स्थित स्कूल ऑफ क्रिकेट के पूर्व कैडेट सुब्रमण्यम ने अपनी स्कूली शिक्षा केएसएमएस से पूरी की है. वे वीजी ट्रॉफी और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में भी अपनी गेंदबाजी का हुनर दिखा चुके हैं. सुब्रमण्यम ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने पिता एनवी नीलकंठ, माता मंगलम नीलकंठ, कोच राजीव नायर और पत्नी शुभ्रा नायर को दिया है.

एनएन सुब्रमण्यम.

देशभर से दो लाख अभ्यर्थियों में बनाई अपनी जगह

एनएन सुब्रमण्यम की यह सफलता इस मायने में बेहद खास है कि टेरिटोरियल आर्मी अफसर एंट्री प्रतियोगिता परीक्षा (जुलाई 2025) में देशभर से लगभग 2 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे. लिखित परीक्षा पास करने के बाद जनवरी 2026 में सेलेक्शन सेंटर ईस्ट (प्रयागराज) में आयोजित सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) इंटरव्यू के लिए कुल 900 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था.

देशभर से 23 अभ्यर्थी ही हुए अनुशंसित

बेहद कठिन और गहन माने जाने वाले पांच दिवसीय एसएसबी इंटरव्यू की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर बोर्ड द्वारा अनुशंसा पाने में देशभर से मात्र 23 अभ्यर्थी ही सफल हो सके. कुल 18 रिक्तियों के विरुद्ध एनएन सुब्रमण्यम ने ऑल इंडिया स्तर पर 13वां स्थान प्राप्त कर अंतिम मेधा सूची में अपनी जगह पक्की की. उनकी इस शानदार सफलता पर परिजनों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nesar ahamad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >