जमशेदपुर : बागबेड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे नदी के जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बागबेड़ा नया बस्ती से रिवर कॉलोनी को जोड़ने वाली एकमात्र पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है. पुलिया पर पानी चढ़ जाने के कारण दोनों इलाकों के बीच आवागमन लगभग ठप हो गया है.
200 से अधिक घर पानी में डूबे
नदी का जलस्तर बढ़ने से जुगसलाई और बागबेड़ा की ओर 200 से अधिक घर पानी में डूब गए हैं. घरों में पानी घुसने के बाद कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों की तलाश करनी पड़ रही है. हालात ऐसे हैं कि कई लोगों ने अपने घरों की छतों पर ही शरण ले रखी है. बाढ़ के कारण लोगों की दैनिक दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है. घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.जरूरी सामान की व्यवस्था करना भी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया डूब जाने के कारण क्षेत्र का संपर्क लगभग कट गया है. ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.इलाके में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने की बनी हुई है. वहीं, लोग हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं.
कदमा में भी परेशान हैं लोग
लगातार नदी का जलस्तर बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. कदमा में भी बाढ़ से लोग परेशान हैं. कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-3 स्थित जॉगर्स पार्क पूरी तरह जलमग्न हो गया है.
