जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला एक टेंपो चालक सोमवार को अपने तीन बच्चों को वापस पाने की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा. पति सुजीत कुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी गुड़िया सागर करीब 11 दिन पहले जुगसलाई निवासी छोटू नामक युवक के साथ चली गई और तीनों बच्चों को भी अपने साथ ले गई. सुजीत का कहना है कि उसे पत्नी वापस नहीं चाहिए, वह सिर्फ अपने बच्चों को सुरक्षित वापस चाहता है.
टेंपो चालक की पत्नी TMH में करती थी काम
सुजीत के मुताबिक, उसकी पत्नी गुड़िया सागर करीब दो साल से टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में काम करती थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात छोटू से हुई. सुजीत के अनुसार छोटू टेंपो चलाता है और उसकी पत्नी उसी के टेंपो से काम पर आना-जाना करती थी. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी. पति का आरोप है कि करीब 11 दिन पहले उसकी पत्नी चली गई थी और फिर कुछ दिनों बाद तीनों बच्चों को भी लेकर चली गई.
बड़ी बेटी ने पिता पर लगाए गंभीर आरोप
सुजीत के मुताबिक, उसकी बड़ी बेटी ने उसके खिलाफ गलत तरीके से छूने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं. वहीं, सुजीत इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा कर रहा है कि उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर उसके खिलाफ बयान देने के लिए तैयार किया जा रहा है. इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
छोटू पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
सुजीत ने छोटू पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है. उसका कहना है कि उसे धमकी दी जा रही है कि वह पत्नी और बच्चों को छोड़ दे, वरना उसे जान से मार दिया जाएगा. सुजीत का आरोप है कि वह इस मामले को लेकर लगातार बागबेड़ा थाना जा रहा है, लेकिन अब तक उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई.
10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप
पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और बच्चों को उसके परिवार के पास वापस भेजने के लिए थाने में 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है.
मारपीट के बाद SP कार्यालय पहुंचा पति
सुजीत के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे उसके साथ मारपीट भी हुई. इसके बाद वह एसपी कार्यालय पहुंचा और आवेदन देकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की. उसका कहना है कि वह पिछले 11 दिनों से पुलिस से शिकायत कर रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण अब उसने वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है.
पत्नी नहीं, तीनों बच्चों को वापस चाहता है सुजीत
सुजीत मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. वह काम के सिलसिले में जमशेदपुर आया था और टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. अब उसका कहना है कि पत्नी उसके साथ वापस आए या नहीं, लेकिन उसके तीनों बच्चों को सुरक्षित वापस दिलाया जाए. उसने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
