किसान की संदिग्ध स्थिति में मौत, परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया

बोड़ाम में रंजीत महतो की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने सड़क दुर्घटना के बजाय मारपीट का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

पटमदा : बोड़ाम थाना के जिलिंगडुंगरी के समीप गुरुवार रात करीब आठ बजे सड़क दुर्घटना में घायल बाइक सवार युवक की एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान पोखरिया गांव निवासी रंजीत महतो (35) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मोपेड से गिरने के कारण रंजीत घायल हो गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

परिजनों का आरोप - की गयी मारपीट

वहीं, परिजनों ने इसे दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के बाद मारपीट होने की बात बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतक के चचेरे भाई संजीत महतो ने बताया कि रंजीत गुरुवार दोपहर सब्जी बेचने के लिए भादुडीह हाट गया था. शाम को वह अकेले बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान बेलटांड़-रघुनाथपुर मुख्य सड़क पर जिलिंगडुंगरी व डिमुडीह के बीच उसके घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना रात के नौ बजे मिली. सूचना मिलने पर संजीत एक अन्य युवक के साथ करीब साढ़े नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचा. संजीत के अनुसार, वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे. उनके पास रंजीत की बाइक भी थी. उन लोगों का कहना था कि रंजीत ने उन्हें दुर्घटना में घायल किया है. इलाज का खर्च मिलने तक वे वाहन नहीं देने की बात कह रहे थे. इसके बाद संजीत घायल रंजीत को अपनी बाइक से घर ले गया. बाद में गांव की एक कार से उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

तड़के तीन बजे पहुंची बोड़ाम पुलिस

शव को घर लाने के बाद चौकीदार के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गयी. तड़के तीन बजे बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया. संजीत महतो का आरोप है कि सड़क किनारे शराब पी रहे तीन लोगों में से एक व्यक्ति को चोट लगने के बाद वहां मौजूद लोगों ने रंजीत के साथ जमकर मारपीट की. परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. रंजीत के परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और माता-पिता हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dilip chandra poddar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >