मुसाबनी : मुसाबनी थाना क्षेत्र के कोड़ाशोल गांव स्थित भुल्लूघुटू टोला में रविवार की रात घर में घुसकर गला रेतकर हत्या मामले में पुलिस ने छोटे भाई को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद में छोटे भाई तपन गिरि ने बड़े भाई की हत्या की. उसने अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या की झूठी कहानी रची. मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार को अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर से बरामद कर लिया है.
सोते वक्त मुर्गा लड़ाई वाले 'कांत' से रेता गला
जानकारी के अनुसार, दोनों अविवाहित भाई घटना की रात अपने घर के ऊपरी कमरे में आराम कर रहे थे. इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गयी. बड़ा भाई अशोक गिरि गहरी नींद में सो गया, तो छोटे भाई तपन ने मुर्गा लड़ाई में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार कांत से उसके गले पर जोरदार प्रहार कर दिया. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.
लगातार बदल रहा था बयान, पुलिस ने सख्ती दिखायी तो टूट गया
भाई की हत्या के बाद आरोपी लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा. सुबह से इधर-उधर भटकता रहा. लाश को कोठे से नीचे उतारकर छिपाने में असफल रहा. वह खुद शाम को थाने पहुंचा और बड़े भाई की हत्या की मनगढ़ंत कहानी सुना दी. हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में तपन लगातार अपने बयान बदलता रहा. पुलिस का शक उस पर गहरा गया. इसके बाद पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया.
हत्यारोपी का है पुराना आपराधिक इतिहास, जेल जा चुका है
मृतक अशोक गिरि और आरोपी तपन गिरि का आपराधिक इतिहास रहा है. गांव के भुल्लूघुटू टोला में किसी के साथ दोनों भाइयों की नहीं बनती थी. दोनों मुर्गा लड़ाई के दौरान मुर्गों के पैरों में 'कांत' (धारदार हथियार) बांधने का काम किया करते थे. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तपन गिरी पर वर्ष 2002 में डुमरिया थाना क्षेत्र में हत्या सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह पुराने हत्याकांड में जेल भी जा चुका था. कुछ समय पहले ही जमानत (बेल) पर बाहर आया था.
