जमशेदपुर : दुर्गा पूजा 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय माहौल में संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गयी हैं. पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की आम सभा 13 सितंबर को आयोजित होगी. इसमें जिले की शहरी और ग्रामीण पूजा समितियों के पदाधिकारी जुटेंगे. बैठक में पूजा आयोजन से जुड़े अहम मुद्दों के साथ ग्रामीण समितियों की लाइसेंस संबंधी समस्याओं और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की जायेगी.
ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों की समस्याएं भी उठाए जाएंगी
शनिवार को समिति के अध्यक्ष दुलाल भुइयां के कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने बताया कि आम सभा में समिति के विस्तार के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जायेगा. इन समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने और सकारात्मक पहल करने की रणनीति भी तैयार की जायेगी.
350 से अधिक पूजा समितियां हैं समिति से जुड़ी
पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के महासचिव ललन यादव ने बताया - वर्तमान में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की 350 से अधिक पूजा समितियां सेंट्रल समिति से जुड़ी हैं. समिति जिले के दो अनुमंडलों और 11 प्रखंडों में दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए समन्वय की भूमिका निभा रही है. उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों से समिति जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पूजा समितियों को एक मंच पर लाकर आयोजन को व्यवस्थित बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही है. इस वर्ष भी पूजा समितियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से तैयारी की जा रही है.
लाइसेंस की समस्या होगी आम सभा का अहम मुद्दा
ग्रामीण इलाकों की कई पूजा समितियों ने अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) जारी होने में आ रही परेशानी से समिति को अवगत कराया है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन के साथ होने वाली आगामी बैठक में लाइसेंस निर्गत कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया है. समिति का प्रयास है कि समय रहते पूजा समितियों की प्रशासनिक अड़चनें दूर हों, ताकि पूजा आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी सामने न आये.
बिजली के लिए कॉरपोरेट से सहयोग की अपील
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सेंट्रल समिति कॉरपोरेट संस्थानों से भी सहयोग मांगेगी. समिति की ओर से पेयजल की व्यवस्था, चलंत शौचालय, निःशुल्क बिजली कनेक्शन और भोग के लिए प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया जायेगा. समिति का कहना है कि प्रशासन, पूजा समितियों और कॉरपोरेट संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय से पूजा आयोजनों को और व्यवस्थित किया जा सकता है.
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण पूजा पर जोर
अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने कहा - समिति का उद्देश्य जिले में होने वाले सभी दुर्गा पूजा समारोहों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराना है. इसके लिए सभी पूजा समितियों को साथ लेकर इस वर्ष पहले से अधिक सक्रियता के साथ काम किया जायेगा. आम सभा में पूजा आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के बाद आगे की कार्ययोजना तय की जायेगी.
