साकची में हस्ताक्षर अभियान चलाकर जताया आक्रोश, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को साकची में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया. कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने की मांग की, ताकि आम जनता को बढ़ती महंगाई से राहत मिल सके.देश की जनता महंगाई की मार से कराह रही है : परविंदर सिंह
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि देश की जनता महंगाई की मार से कराह रही है, लेकिन केंद्र सरकार आम लोगों की परेशानियों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है. पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि से परिवहन खर्च बढ़ गया है. इससे सब्जी, दवा, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी हो गयी हैं. आम जनता, किसान और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं.सड़क से सदन तक होगा संघर्ष : अवधेश सिंह
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी. हस्ताक्षर अभियान में दिख रहा जनता का आक्रोश यह साबित करता है कि आने वाले दिनों में केंद्र सरकार के खिलाफ एक व्यापक आंदोलन खड़ा होगा. कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया. कार्यक्रम में रवींद्र कुमार झा, राजकिशोर यादव, विजय यादव, रजनीश सिंह, अविनाश सिंह, शैलेश पांडेय, सामंता कुमार, जसवंत सिंह जस्सी, रईस रिजवी छब्बन अपर्णा गुहा, आशुतोष सिंह, गुरदीप सिंह सोहल आदि मौजूद थे.
