Jamshedpur news. स्कूल एवं कॉलेज के आसपास नशे के खिलाफ चलेगा अभियान, ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर जारी

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक, टोल फ्री नंबर 112 एवं 0657-2431028 पर सूचना देने की अपील

Jamshedpur news.

समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि नशीले पदार्थ न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि यह युवाओं के भविष्य को भी खतरे में डालते हैं. नशे के कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तथा युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाने की आवश्यकता है. बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा एवं जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सेवन को रोकने के लिए चल रहे विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र, एसडीओ धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे.

सभी स्कूल एवं कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखें

उपायुक्त ने सभी स्कूल एवं कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखने की बात कही, ताकि छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके. अवैध मादक पदार्थ के तस्करों और विक्रेताओं की पहचान कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाये. ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नियमित छापेमारी और गश्त को और प्रभावी बनाया जाये. सूचना तंत्र को मजबूत कर पुलिस, उत्पाद एवं अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाये. साथ ही जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों और युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाये. साथ ही जनसाधारण से अपील की गयी कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर जरूर दें. बैठक में जिला के वरीय पदाधिकारियों के अलावे शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकायों के पदाधिकारी समेत ड्रग इंस्पेक्टर, फूड इंस्पेक्टर व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >