केबल कर्मियों के खातों में आने लगे बकाया पैसे, पर उम्मीद से कम भुगतान मिलने पर आक्रोश

इंकैब इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों के खातों में बकाया राशि आनी शुरू हो गई है, लेकिन उम्मीद से कम भुगतान मिलने पर कर्मियों में भारी आक्रोश और नाराजगी है.

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

इंकैब इंडस्ट्रीज लिमिटेड (केबुल कंपनी) के सैकड़ों कामगारों के लिए अच्छी खबर है. कई सालों से अपनी कमाई के बकाये के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे मजदूरों को अब भुगतान शुरू हो गया है. नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) की कोलकाता बेंच ने वेदांता लिमिटेड के रेजोल्यूशन प्लान को मंजूरी दे दी है. इसके बाद कर्मचारियों के बैंक खातों में पैसे भेजने का काम तेज हो गया है.

मंगलवार शाम से ही कई कर्मचारियों के खातों में क्लेम की राशि पहुंचने की पुष्टि हो चुकी है. इंडियन केबल वर्कर्स यूनियन के महामंत्री राम विनोद सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के खातों में पैसे आने शुरू हो गए हैं.

कर्मचारियों ने दी पुष्टि

मानगो के रहने वाले कर्मचारी तैमूर खान और पुणे के बी एस तुपे समेत कई अन्य मजदूरों ने फोन करके अपने खातों में पैसे आने की जानकारी दी है. इससे कामगारों में खुशी की लहर दौड़ गई है.

15 जुलाई तक दस्तावेज जमा करने की आखिरी तारीख

रेजोल्यूशन प्रोफेशनल के कार्यालय ने साफ कर दिया है कि 15 जुलाई तक जिन कर्मचारियों के दस्तावेज नहीं पहुंचेंगे, उनके भुगतान में देरी हो सकती है. अगर कोई मूल कर्मचारी गुजर चुका है तो उसके कानूनी वारिस उत्तराधिकार प्रमाण पत्र (सक्सेशन सर्टिफिकेट) के साथ जरूरी कागजात जमा कर सकते हैं.

कम राशि मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी

भले ही पैसे आना शुरू हो गए हों, लेकिन कई कर्मचारी असंतुष्ट हैं. सामाजिक कार्यकर्ता शिवशंकर सिंह ने बताया कि मजदूरों के खातों में तो पैसे आए हैं लेकिन यह राशि उनकी उम्मीद से काफी कम है. बिना सही जानकारी और अनुमति के कम पैसा मिलने से कर्मचारियों में उदासी और आक्रोश है. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रबंधन और कोर्ट जल्द ही इस मामले में न्यायसंगत फैसला लेंगे.

बैंक खाता न होने से अटका था भुगतान

कंपनी के पुराने रिकॉर्ड में कई कर्मचारियों के बैंक खाते और चेक की जानकारी नहीं होने के कारण उनका भुगतान अटक गया था. रेजोल्यूशन प्रोफेशनल और स्टीयरिंग कमेटी के चेयरमैन पंकज कुमार टिबरेवाल की तरफ से मंगलवार को कई कर्मचारियों को पत्र भेजा गया. जमशेदपुर के एम गोविंद राव (टोकन नंबर-7569) सहित सैकड़ों कर्मचारियों को अपने बैंक विवरण और दस्तावेज तुरंत जमा करने को कहा गया है.

दस्तावेज कहां और कैसे जमा करें?

कर्मचारी अपने दस्तावेज एएए इनसॉल्वेंसी प्रोफेशनल्स एलएलपी के कोलकाता कार्यालय में डाक से या खुद जाकर जमा कर सकते हैं. पता: मौसमी अपार्टमेंट्स, ग्राउंड फ्लोर, 15बी, बैलीगंज सर्कुलर रोड, कोलकाता.

इसके अलावा कंपनी के ईमेल पर भी दस्तावेज भेजे जा सकते हैं. गलत जानकारी देने या देरी करने की जिम्मेदारी कर्मचारी की खुद होगी.

जरूरी दस्तावेज और जानकारी

कर्मचारियों को अनुलग्नक-ए फॉर्म भरकर निम्नलिखित विवरण जमा करने होंगे:

  • खाताधारक का पूरा नाम (जैसा बैंक में दर्ज है)
  • बैंक खाता संख्या
  • बैंक और शाखा का नाम
  • आईएफएससी कोड
  • पैन कार्ड की स्व-सत्यापित कॉपी
  • आधार कार्ड की स्व-सत्यापित कॉपी
  • रद्द चेक या बैंक पासबुक का पहला पन्ना
  • वर्तमान पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: अशोक झा

Published by: Bhumi Sharma

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >