सरायकेला : ट्रेन से गिरने और कटकर दो लोगों की मौत
मोबाइल लोकेशन के आधार पर कोलेबिरा में मिला सोनू का शव
परवेज अंसारी की दुरंतो एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई मौत
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा
Jamshedpur News :
सरायकेला के अलग-अलग इलाके में ट्रेन से गिरकर और कटकर दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में एक की पहचान देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के कुशमाहा निवासी सोनू कुमार (27) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान सीनी ओपी क्षेत्र के कमलपुर निवासी परवेज अंसारी (48) के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.कोलेबिरा के पास ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
कोलेबिरा के समीप हुई घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सोनू कुमार अहमदाबाद (गुजरात) में काम करता था और 15 अप्रैल की रात करीब साढ़े नौ बजे शालीमार एक्सप्रेस से जमशेदपुर के लिए रवाना हुआ था. उसे सुबह जमशेदपुर पहुंचकर जसीडीह जाने वाली ट्रेन से घर लौटना था. लेकिन कोलेबिरा के पास रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में उसका शव मिला. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है. जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दी गयी, जिसके बाद उन्होंने शव की पहचान की. मृतक के जीजा अनुज कुमार सिंह ने बताया कि उसकी तबीयत खराब थी, इसलिए उसे घर बुलाया गया था. जब वह टाटानगर स्टेशन पर नहीं उतरा, तो परिजनों ने जीआरपी में शिकायत दर्ज करायी. मोबाइल लोकेशन ट्रैक करने पर आखिरी लोकेशन कोलेबिरा के आसपास मिला. जिसके आधार पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया. आशंका जतायी जा रही है कि वह दरवाजे पर बैठा होगा और गिरने से उसकी मौत हो गयी होगी.
