प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
पोटका समेत पूर्वी सिंहभूम के मलेरिया प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति को गंभीर बताते हुए भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त राजीव रंजन को ज्ञापन सौंपा. सांसद विद्युत वरण महतो की मौजूदगी में सौंपे गये ज्ञापन में प्रभावित गांवों में विशेष मेडिकल टीम भेजने, पर्याप्त दवाइयों एवं जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने और राहत कार्य तेज करने की मांग की गयी. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया. भाजपा ने दावा किया कि पोटका प्रखंड की नारदा, हरिणा, पोड़ा तेंतला, ग्वालकाटा, माटिन, गांगाडीह, हेंसाबिल और टांगराइन पंचायतों सहित दर्जनों गांवों में मलेरिया का प्रकोप तेजी से फैला है. स्थानीय स्तर पर दो हजार से अधिक लोग संक्रमित होने और सात लोगों की मौत होने का उल्लेख करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने स्थिति को गंभीर बताया.
हेंसाबिल के खड़ियासाई गांव में सेरेब्रल मलेरिया से एक मासूम बच्चे की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गये, तो जनहानि का आंकड़ा और गंभीर हो सकता है. ज्ञापन में प्रभावित क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव, स्वास्थ्य शिविर लगाने और मच्छरदानियों के वितरण की मांग भी की गयी. प्रतिनिधिमंडल ने बागबेड़ा समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया. इस पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन मलेरिया नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है तथा प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल सर्वे, जांच और उपचार अभियान लगातार जारी है. प्रतिनिधिमंडल में पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय और तन्मय झा शामिल थे.
