पीड़ित टाटास्टील कर्मी की शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
Jamshedpur News :
बिष्टुपुर थाना से कुछ ही दूरी पर गोपाल मैदान के पास सड़क हादसे में कदमा फार्म एरिया निवासी व टाटा स्टील कर्मी अमित तिवारी घायल हो गये थे. अस्पताल पहुंचाने के बहाने एक बदमाश ने उनकी सोने की अंगूठी, चेन, मोबाइल और आइडी कार्ड लेकर फरार हो गया. घटना बुधवार शाम की है. मामले को लेकर अमित तिवारी ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत की है. जानकारी के अनुसार, अमित तिवारी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोपाल मैदान के पास पीछे से आये एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में वह सड़क पर गिरकर घायल हो गये, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद वहां मौजूद एक युवक ने टेंपो रुकवाया और घायल अमित तिवारी को एमजीएम अस्पताल पहुंचाने की बात कहकर खुद भी टेंपो में सवार हो गया. रास्ते में बदमाश ने दर्द से परेशान अमित तिवारी के हाथ की सोने की अंगूठी, गले की चेन, मोबाइल फोन और आइडी कार्ड निकाल लिया. सामान चोरी करने के बाद आरोपी बीच रास्ते में ही टेंपो से उतरकर फरार हो गया. टेंपो चालक ने घायल अमित तिवारी को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. होश आने पर अमित तिवारी ने पाया कि उनका मोबाइल समेत अंगूठी, चेन और आइडी कार्ड गायब है. जिसके बाद अमित तिवारी ने टेंपो चालक के मोबाइल से घरवालों को फोन कर घटना की जानकारी दी. इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.