जमशेदपुर : भुइयां समाज को पूरे देश में आदिम जनजाति का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर समाज की आवाज अब तेज होने लगी है. महापंचायत के दूसरे चरण के तहत सोमवार को हजारीबाग स्थित जन विकास केंद्र में जिला महापंचायत का आयोजन किया गया. इसमें सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक मजबूती के साथ समाज के अधिकारों को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. कार्यक्रम में भुइयां समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
एकजुटता से ही मजबूत होगी अधिकारों की लड़ाई
महापंचायत को संबोधित करते हुए दुलाल भुइयां ने कहा - समाज के विकास और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए एकजुटता सबसे जरूरी है. समाज के सभी लोगों को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी. उन्होंने कहा कि भुइयां समाज को देशभर में आदिम जनजाति का दर्जा दिलाने के लिए संगठित और लगातार प्रयास किया जाएगा. सामाजिक एकता के जरिए ही समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाया जा सकता है.
हर परिवार से एक मुट्ठी चावल और एक रुपये का सहयोग
समाज के कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सामाजिक फंड बनाने की पहल की गयी है. दुलाल भुइयां ने प्रत्येक परिवार से प्रतिदिन एक मुट्ठी चावल और एक रुपये जमा करने की अपील की. उन्होंने कहा - इस फंड का इस्तेमाल गरीब बच्चों की स्कूली और उच्च शिक्षा, जरूरतमंद लोगों के इलाज तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद में किया जाएगा. युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाने की अपील की. साथ ही दहेज प्रथा के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और इसे खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया.
शिक्षा को बनाया जाएगा समाज की मजबूती का आधार
महापंचायत में बच्चों की शिक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण हथियार है. अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक करने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुइयां, विशिष्ट अतिथि नुनु लाल भुइयां, हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी, बड़कागांव प्रमुख हेमंत भुइयां समेत समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे. संचालन जिला सचिव रंजीत राम भुइयां ने किया.
कोडरमा में मंगलवार को होगी अगली महापंचायत
महापंचायत के दूसरे चरण के तहत दुलाल भुइयां मंगलवार को कोडरमा में आयोजित जिला महापंचायत में शामिल होंगे. इसके जरिए समाज की एकजुटता, शिक्षा, आर्थिक मजबूती और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा.
