वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
डीसी राजीव रंजन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को आगामी अगस्त माह में हर हाल में चालू करने का डेडलाइन दिया है, ताकि स्थानीय निवासियों को इसका लाभ मिल सके. डीसी कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी ने छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के विस्तारित क्षेत्रों (एक्सटेंशन एरिया) में भी पाइपलाइन के जरिये जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि पेयजल और स्वच्छता सीधे तौर पर आमलोगों की जिंदगी से जुड़ी है. अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति न कर धरातल पर योजनाओं की सतत निगरानी करें.
बैठक के मुख्य फैसले और निर्देश
झारजल, सीपीग्राम और डीसी कार्यालय में प्राप्त पेयजल से संबंधित जन शिकायतों का 7 दिनों के भीतर निपटारा करें. कचरा उठाव के लिए ई-रिक्शा की खरीद प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर शुरू करें.
जिले की सभी सिंगल विलेज जलापूर्ति योजनाओं का एक माह के भीतर शत-प्रतिशत हस्तांतरण ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को करें. बहरागोड़ा, चाकुलिया व पोटका में 100-100 और अन्य प्रखंडों में 50-50 नाडेप इकाइयों के निर्माण का लक्ष्य तय.
जिले में फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन की प्रगति को बढ़ाकर 60 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए चलेगा अभियान.
