मलेरिया होने पर झाड़-फूंक के चक्कर में नहीं पड़ें लोग, स्वास्थ्य विभाग करेगा जागरूक

जमशेदपुर में मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने झाड़-फूंक के बजाय अस्पताल जाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है।

संवाददाता, जमशेदपुर

स्वास्थ्य विभाग ने अब ग्रामीण इलाकों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को खत्म करने के लिए नयी रणनीति पर काम करने का निर्णय लिया है. इसके तहत लोगों को मलेरिया होने पर झाड़-फूंक के चक्कर में नहीं पड़कर सीधे अस्पताल आने के लिए जागरूक किया जायेगा. इस कार्य में ग्राम प्रधान का सहयोग लिया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक किये बिना इस बीमारी को खत्म करना मुश्किल है. इसी को लेकर ग्राम प्रधान के सहयोग से ग्राम सभा आयोजित कर लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया है. ग्रामीणों पर ग्राम प्रधानों का गहरा प्रभाव होता है, जिससे जागरूकता अभियान को गति मिलेगी. मलेरिया पीड़ित लोगों के अस्पताल आने पर सही समय पर जांच व इलाज हो सकेगा. मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में ग्राम सभा के साथ ही नियमित रूप से सभी क्षेत्रों में जल जमाव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव किया जायेगा. इतना ही नहीं, जिले के सभी कस्तूरबा एवं आवासीय विद्यालय में छात्रों की मलेरिया जांच नियमित रूप से करने के लिए कहा गया है. जांच के दौरान अगर किसी की स्थिति गंभीर मिलती है, तो तुरंत उसे अस्पताल भेजने के लिए कहा गया है.

सदर व एमजीएम अस्पताल को हर समय तैयार रहने का निर्देश

जिले में मॉनसून की दस्तक के साथ ही मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है. मलेरिया और डेंगू जैसी घातक बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शहर के दो बड़े सरकारी अस्पतालों सदर व एमजीएम को चौबीसों घंटे तैयार रहने का सख्त निर्देश जारी किया है. अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले हर संदिग्ध बुखार के मरीज की तुरंत मलेरिया जांच करने व रिपोर्ट आने तक उसे उचित निगरानी में रखाने के लिए कहा गया है.

जिले में किस दिन मलेरिया के कितने मरीज मिले

तिथिमलेरिया जांचमरीज मिले
29 जून91848
30 जून1,117101
1 जुलाई3,315320
2 जुलाई4,709255
3 जुलाई3,413121
4 जुलाई5,232221
5 जुलाई4,152108
6 जुलाई6,90488
7 जुलाई10,202112
8 जुलाई12,518128
9 जुलाई11,090101
10 जुलाई14,200128
11 जुलाई1,163110


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar

चंद्रशेखर प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है. 15 सालों से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. स्वास्थ्य सहित अन्य बीटों में अच्छी पकड़ है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >