सीटीसी सेंटर में बुधवार को भी तीन घंटे चला हंगामा, जवानों ने नहीं किया प्रशिक्षण
गोलमुरी पुलिस लाइन में दी गयी सलामी, परिजन शव ले गये साहेबगंज
Jamshedpur News :
रांची पुलिस जिला बल के जवान आरक्षी बजरंगी यादव की मौत के मामले में बुधवार को लगातार दूसरे दिन सीटीसी मुसाबनी में काफी हंगामा हुआ. प्रशिक्षण करने पहुंचे जवानों ने बजरंगी यादव की मौत मामले में एसपी विजय आशीष कुजूर से छुट्टी की प्रभारी पूनम मिंज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. जवानों ने पूनम मिंज पर आरोप लगाया कि वह छुट्टी देने में भेदभाव करती हैं. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीटीसी मुसाबनी एसपी विजय आशीष कुजूर ने जांच का जिम्मा डीएसपी को सौंपा. डीएसपी ने जांच में मामला सही पाया, जिसके बाद एसपी ने एएसआइ पूनम मिंज को निलंबित कर दिया. इसके बाद बजरंगी यादव के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. जहां बजरंगी यादव के घरवाले भी मौजूद थे. शव देख घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल था. पोस्टमार्टम होने के बाद पार्थिव शरीर को गोलमुरी पुलिस केंद्र ले जाया गया, जहां सलामी दी गयी. इस मौके पर सीटीसी मुसाबनी के एसपी विजय आशीष कुजूर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे. सलामी के बाद शव को परिजन साहेबगंज स्थित पैतृक घर ले गये. बता दें कि बजरंगी यादव के घरवालों ने बिना कार्रवाई के पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था. कार्रवाई के बाद परिजन माने, तब शव का पोस्टमार्टम किया गया.
एसोसिएशन ने एडीजी से की जांच की मांग
आरक्षी बजरंगी यादव की मौत मामले में झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के केंद्रीय कमेटी ने एडीजी से मुलाकात कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. एडीजी को दिये पत्र में उन्होंने बताया है कि बजरंगी यादव कई दिनों से बीमार था. इस कारण उसने छुट्टी का आवेदन दिया था. लेकिन विभाग की ओर से उसे छुट्टी नहीं दी गयी. मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गयी.
प्रशिक्षण में जवान हो रहे मानसिक प्रताड़ना के शिकार : एसोसिएशन
पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी ने एडीजी (प्रशिक्षण) को आवेदन देकर जवानों का पासिंग परेड जल्द से जल्द कराने की मांग की है. बताया है कि जवानों के प्रशिक्षण अवधि पूरी हो चुकी है. लेकिन अबतक पासिंग परेड नहीं हुआ है. जिसके कारण जवान प्रशिक्षण केंद्र में हैं. प्रशिक्षण केंद्र में जवानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जवानों को छोटी-मोटी गलती पर अनावश्यक दंडित किया जाता है. विशेष परिस्थिति में अवकाश भी नहीं दिया जाता है. जिसके कारण जवान मानसिक प्रताड़ना के शिकार हो रहे हैं.
वर्जन::::::::
आरक्षी बजरंगी यादव मौत मामले में एएसआइ पूनम मिंज को निलंबित कर दिया गया है. शव को परिजन साहेबगंज ले गये हैं. पासिंग परेड के लिये वरीय अधिकारी से बात हुई है. जल्द ही इसपर निर्णय लिया जायेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.