जमशेदपुर: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पूर्वी सिंहभूम जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से आयोजित द्वितीय झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का समापन रविवार को हुआ. प्रतियोगिता में जमशेदपुर की अंशिका महाजन का दबदबा रहा. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग वर्गों में खिताब अपने नाम किया.
अंशिका ने महिला सिंगल्स, अंडर-17 और अंडर-19 गर्ल्स सिंगल्स श्रेणी के फाइनल मुकाबले जीतकर तिहरा खिताब हासिल किया. वहीं, पुरुष सिंगल्स वर्ग के बेहद रोमांचक मुकाबले में रांची के शत्रुंजय चक्रवर्ती ने पूर्वी सिंहभूम के मृण्मय प्रधान को 4-3 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम ने विजेताओं को पुरस्कृत किया. मौके पर टाटा स्टील स्पोर्ट्स विभाग के प्रमुख मुकुल चौधरी, कैप्टन मनीष सिन्हा, ओपी मिश्रा, जेके सिन्हा, समरजीत सिंह, प्रवेश नारंग, विवेक तुलस्यान, सुदीप्त मुखर्जी, यूके चटर्जी और कमलेश दुबे उपस्थित थे.
नये टेबल टेनिस सेंटर की हुई शुरुआत
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में नवनिर्मित टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन रविवार को मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम ने किया. नये सेंटर में आधुनिक मानकों के अनुरूप तीन टेबल, नया सिंथेटिक मैट और उच्च स्तरीय लाइटिंग की व्यवस्था की गयी है.
विभिन्न वर्गों के विजेता व उपविजेता
- अंडर-15 गर्ल्स : स्वर्णाली मांजी (विजेता), अनन्या साहा (उपविजेता)
- अंडर-15 बॉयज : अरित्रो दे (विजेता), अलीशाद खान (उपविजेता)
- अंडर-17 गर्ल्स : अंशिका महाजन (विजेता), स्वर्णाली मांजी (उपविजेता)
- अंडर-17 बॉयज : अलीशाद खान (विजेता), अर्थ घोष (उपविजेता)
- अंडर-19 गर्ल्स : अंशिका महाजन (विजेता), सान्वी सिन्हा (उपविजेता)
- अंडर-19 बॉयज : अर्णव अग्रवाल (विजेता), अर्थ घोष (उपविजेता)
महिला सिंगल्स : अंशिका महाजन (विजेता), सृजनी चटर्जी (उपविजेता)
पुरुष सिंगल्स : शत्रुंजय चक्रवर्ती (विजेता), मृण्मय प्रधान (उपविजेता)
