आप सांसद संजय सिंह ने जमशेदपुर में नरेंद्र मोदी सरकार पर साधा निशाना, बोले-सभी को जेल में डालेंगे तो भी नहीं झुकेगा इंडिया

आप सांसद संजय सिंह मंगलवार को जमशेदपुर में थे. चुनावी सभा में उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सभी को जेल में डालेंगे तो भी इंडिया नहीं झुकेगा.

जमशेदपुर, ब्रजेश सिंह: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज वे नरेंद्र मोदी से लोहा लेने के लिए बाहर हैं. उन्होंने कहा कि तानाशाह का राज है. इस हुकूमत को उखाड़ फेंकना है. भाजपा और नरेंद्र मोदी का मिशन है कि विपक्ष को खत्म करो. सबको जेल में डालो, लेकिन नरेंद्र मोदी को मालूम नहीं है कि अगर जिंदगीभर भी सबको जेल में डालेंगे तो भी देश नहीं झुकेगा. वे मंगलवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर गोपाल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

संविधान से चलेगा देश

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया गया, लेकिन पीएम मोदी को मालूम नहीं है कि यह देश झुकेगा नहीं. देश भाजपा और मोदी के तानाशाही कानून से नहीं, बल्कि भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलेगा. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अभी 400 पार का जुमला दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली, झारखंड, मिजोरम और सभी राज्यों में ऐसा ही नारा दिया था, लेकिन अब समय आ गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजकर आदिवासी समुदाय को अपमानित किया है. मध्य प्रदेश में आदिवासी पर भाजपा नेता ने पेशाब कर दिया था. अब समय आ गया है बदला लेने का. वोट देकर लोग बदला लें.

समीर मोहंती को विजयी बनाने की अपील

आप सांसद संजय सिंह बीजेपी व नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के पास झूठ और भ्रष्टाचार की गारंटी है. उन्होंने कहा कि आरक्षण, लोकतंत्र और वोटिंग को बचाने के लिए झामुमो के तीर-कमान पर वोट डालकर समीर मोहंती को जिताएं.

Also Read: उलगुलान महारैली में आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह की अपील- वोट देने जाएं तो हेमंत सोरेन का चेहरा याद कर लें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >