पूर्वी सिंहभूम में 5131 किसानों से 5.74 लाख क्विंटल धान की हुई खरीदारी

जिले के 5131 किसानों से अबतक 5.74 लाख क्विंटल धान की खरीदारी हुई

धान खरीद में पूर्वी सिंहभूम राज्य में अव्वल, दूसरे स्थान पर हजारीबाग

अब 30 अप्रैल तक धान बेच सकेंगे किसान

6.35 क्विंटल धान खरीद का है लक्ष्य

मुख्य संवाददाता, जमशेदपुर

पूर्वी सिंहभूम जिले में इस वर्ष धान खरीद में शानदार प्रगति हुई है. अब तक जिले के 5131 किसानों से 5.74 लाख क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है. यह आंकड़ा बुधवार, 24 अप्रैल 2025 को दोपहर पौने बारह बजे तक का है. राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जिले में 6.35 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है.

धान खरीद में पूर्वी सिंहभूम जिले ने राज्यभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. जिले ने अब तक 5.74 लाख क्विंटल धान खरीदा है, जबकि हजारीबाग जिले ने 5.06 लाख क्विंटल खरीद के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है.

किसानों को उनके धान के भुगतान के लिए अब तक पहली किस्त में 58.55 करोड़ रुपये और दूसरी किस्त में 43.55 करोड़ रुपये की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से बैंक खातों में भेजी जा चुकी है. इसके अलावा, किसानों को प्रति क्विंटल धान की बिक्री पर 2300 रुपये की दर से भुगतान किया जा रहा है. साथ ही, प्रोत्साहन राशि के रूप में अतिरिक्त 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है. यानी किसानों को प्रति क्विंटल कुल 2400 रुपये प्राप्त हो रहे हैं.

धान की खरीद के लिए जिले में कुल 49 धान क्रय केंद्र सह लैंपस बनाये गये हैं. इनमें से बहरागोड़ा, चाकुलिया, जोरम और केरुकोचा लैंपस ने अब तक सबसे अधिक- लगभग 35,000-35,000 क्विंटल धान की खरीदारी की है. वहीं, नरसिंहबहाल, कोइलीसुता और खैरबनी लैंपस जैसे कुछ केंद्रों पर तकनीकी कारणों से अब तक शून्य खरीद हुई है, जिसकी रिपोर्ट जिला आपूर्ति कार्यालय को भेजी गयी है.

भुगतान के लिए जिले में आया 17 करोड़ रुपये का फंड

धान खरीद के भुगतान के लिए जिले को 17 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड भी उपलब्ध कराया गया है. इस राशि का उपयोग प्रथम और द्वितीय किस्त के बकाया भुगतान के लिए किया जा रहा है.

पिछले 16 अप्रैल से एक्सटेंशन की अनुमति नहीं मिलने के कारण जिले सहित पूरे राज्य में धान खरीद बंद थी. अब राज्य सरकार द्वारा 30 अप्रैल 2025 तक धान खरीद की अवधि बढ़ा दी गयी है, जिससे किसानों को एक और मौका मिला है.

वर्जन…

6.35 लाख क्विंटल धान खरीद के लक्ष्य के विरुद्ध अबतक 5.74 लाख क्विंटल धान खरीद की जा चुकी है, अब 30 अप्रैल तक धान की खरीदारी करने की अनुमति विभाग ने दे दी है.

सलमान जफर खिजरी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: KUMAR ANAND

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >