जमशेदपुर : जमशेदपुर के 20 स्थानीय युवाओं ने साबित कर दिखाया है कि अगर हाथ में सही हुनर हो, तो सात समंदर पार नौकरी पाना मुश्किल नहीं है. टाटा मोटर्स के 'कौशल्या' ट्रेनिंग प्रोग्राम से जुड़े इन युवाओं को मशहूर लग्जरी कार कंपनी जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर ) के स्लोवाकिया प्लांट में शानदार जॉब मिली है. जेएलआर की पुणे और स्लोवाकिया से आयी टीम ने इंटरव्यू के जरिये इन सभी का सेलेक्शन किया है.
दो चरणों में विदेश उड़ान भरेंगे युवा
इन सभी 20 युवाओं के पासपोर्ट और वीजा का काम पूरा हो चुका है. कंपनी इन्हें अक्तूबर में दो अलग-अलग ग्रुप बनाकर स्लोवाकिया भेजेगी. शहर में ट्रेनिंग लेकर सीधे किसी यूरोपीय देश में करियर शुरू करना इन युवाओं और शहर दोनों के लिए बेहद गर्व का पल है.
लोकल टैलेंट को ऐसे मिला ग्लोबल मौका
टाटा मोटर्स की एचआर और ट्रेनिंग टीम ने इस सफलता के लिए एनटीटीएफ , क्वेस कॉर्प और अरका जैन यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर काम किया था. इन संस्थानों ने युवाओं को ऐसी एडवांस मशीनी और टेक्निकल ट्रेनिंग दी, जो दुनिया भर की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में काम आती है. इन संस्थानों ने युवाओं को ऐसी आधुनिक तकनीकी ट्रेनिंग दी. जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों के काम के लायक बन सके.
