एक-एक व्यक्ति के पास 100-100 राशन कार्ड, संपन्न लोगों ने बनवाया लाल कार्ड, होगी जांच

जमशेदपुर : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जमशेदपुर पश्चिमी क्षेत्र में कई ऐसे लोग हैं, जिनके पास 100-100 राशन कार्ड हैं. साथ ही जिनके पास दो तल्ला पक्का मकान व चार पहिया वाहन है, उन्होंने भी लाल कार्ड बनवा रखा है. ऐसे सभी राशन कार्डधारियों की जांच की जायेगी. साथ ही गरीब व […]

जमशेदपुर : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जमशेदपुर पश्चिमी क्षेत्र में कई ऐसे लोग हैं, जिनके पास 100-100 राशन कार्ड हैं. साथ ही जिनके पास दो तल्ला पक्का मकान व चार पहिया वाहन है, उन्होंने भी लाल कार्ड बनवा रखा है. ऐसे सभी राशन कार्डधारियों की जांच की जायेगी. साथ ही गरीब व जरूरतमंदों को इसका लाभ दिया जायेगा. इसके लिए मोहल्लों में कैंप लगा कर राशन कार्ड बनाया जायेगा.

15 दिन में इसकी शुरुआत होगी. स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रविवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह बातें कहीं. श्री गुप्ता ने बताया, सामुदायिक भवनों में कल्याण विभाग के सहयोग से गरीब व विधवा महिलाअों के बीच सिलाई मशीन, स्वेटर बनाने की मशीन व मोमबत्ती बनाने की मशीनें बांटी जायेंगी, ताकि लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके.
इसके अलावा वृद्धा, विधवा पेंशन जरूरतमंदों को मिल सके, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा. उन्होंने सामुदायिक भवनों के सही इस्तेमाल पर भी जोर दिया.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रविवार को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की. इस बैठक में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला के साथ ही अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे. मंत्री ने कहा कि अधिकारियों के प्रति सरकार का क्या रुख व कार्य योजना है?
इसे बताना आवश्यक था. सरकार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मित्रवत व सहकर्मी की भूमिका में रहेगी. उन्हें अपमानित करने की बजाय सम्मान दिया जायेगा. कारण बताया-जनप्रतिनिधि के साथ ही नौकरशाह भी राज्य की बेहतरी के लिए कार्य करते हैं.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के विकास व लोक कल्याण के कार्यों में अगर नियमों को सरल बनाना है, तो जरूरत पड़ने पर उस दिशा में भी सरकार कार्य करेगी. उन्होंने बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि अधिकारी अगर अमानवीय हरकत करेंगे, भ्रष्टाचार करेंगे, तो उनके खिलाफ सरकार विधि सम्मत कार्रवाई करेगी.
मोहल्ले में कैंप लगा कर बनेगा विधवा, वृद्धा, पेंशन व राशन कार्ड, 15 दिनों में होगी शुरुआत
शिक्षा: स्कूलों में क्या-क्या कमी है, 15 दिनों में रिपोर्ट दें
मंत्री बन्ना गुप्ता ने आरसीडी के लोगों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र का भ्रमण करें. जो पुल कमजोर हैं, उसे कैसे अपग्रेड किया जाये? टूटी सड़कों की रिपोर्ट तैयार करें. कदमा बाजार में सेस के अपग्रेड करने की भी बात कही. इसके साथ ही बैठक में मंत्री ने जिला शिक्षा पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार को आदेश दिया कि वे जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के एक-एक स्कूल का जाकर खुद दौरा करें, साथ ही 15 दिनों में एक रिपोर्ट तैयार करें कि किस स्कूल में क्या-क्या कमी है?
तमाम कमियों को दूर किया जायेगा. श्री गुप्ता ने आदेश दिया कि सामुदायिक भवनों में आइएमए की मदद से अस्थायी मेडिकल सुविधा उपलब्ध करायें, जहां रिटायर्ड डॉक्टर समाज के लोगों का नि:शुल्क इलाज करें.
एमजीएम: सुधार के लिए हाइ लेवल कमेटी का होगा गठन
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि एमजीएम अस्पताल को सुधारने के लिए एक हाइ लेवल कमेटी का गठन किया जायेगा, जिसमें रिटायर्ड डॉक्टरों के साथ ही आइएमए के सदस्य के साथ ही समाज के कुछ बुद्धिजीवियों को भी शामिल किया जायेगा.
जल्द ही एक डिस्प्ले बोर्ड लगेगा, जहां यह बात लिखी रहेगी कि अस्पताल में कौन सी दवा है, उनकी क्वांटिटी कितनी है, एक्सपायरी कब होगी, ताकि मरीज के परिजनों को यह पता रहे कि अस्पताल में कौन सी दवाइयां मिल सकती है. डॉक्टरों के आने व जाने का समय भी अंकित किया जायेगा.
जेएनएसी-एमएनएसी को नसीहत
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जेएनएसी व एमएनएसी के अधिकारी सिर्फ बिल्डरों को नक्शा पास करने या फिर नक्शा विचलन के नाम पर उन्हें परेशान नहीं करें.
सिर्फ यही उनका काम नहीं है. नाली की गंदगी को कैसे दूर किया जाये? बिजली का खंभा कहां खराब है? सड़क पर पड़ा कचरा दूर करने के साथ ही लोगों की समस्याअों को दूर करना भी उनकी ही जिम्मेवारी है.
भ्रष्टाचार: लाइसेंस या किसी काम के लिए कोई घूस मांगे, तो फोन करें, जारी होगा टोल फ्री नंबर
मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि अगर लाइसेंस या फिर किसी काम के लिए कोई घूस मांगे, तो वे टोल फ्री नंबर पर फोन कर इसकी शिकायत दर्ज करायें. आने वाले 15 दिनों में टोल फ्री नंबर जारी कर दिया जायेगा. राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए साझा प्रयास किया जायेगा.
इसका ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 10 फरवरी को रांची में एक हाइ लेवल बैठक बुलायी गयी है, जिसमें मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, रिम्स के अधीक्षक के साथ ही एनएचआरएम के प्रमुख भी हिस्सा लेंगे.
इस बैठक में स्वास्थ्य सेवा को किस प्रकार सुधारा जाये, इसे लेकर ब्लू प्रिंट तैयार किया जायेगा. साथ ही मंगलवार को रांची में एक कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा, जिसमें रांची के सभी छोटे-बड़े दवा दुकानदार, पैथोलॉजी व नर्सिंग होम संचालक भाग लेंगे. इसमें स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर चर्चा की जायेगी.
एमबीबीएस की 100 सीटें करने का होगा प्रयास
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि एमजीएम अस्पताल को पटरी पर लाना कोई चुनौतीपूर्ण कार्य नहीं है. वहां डॉक्टर से लेकर नर्सिंग स्टाफ, ट्रॉली ब्वॉय, सफाई कर्मचारी समेत कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कर्मचारियों की भारी कमी है.
फिलहाल उन कमियों को दूर करने का प्रयास किस प्रकार किया जाये, इसे लेकर कार्य योजना तैयार की जा रही है. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस की सीटों में कटौती का कारण भी शिक्षकों की कमी है, इन कमियों को दूर कर फिर से 100 सीट करने का प्रयास किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >