टाटा समूह पहले से अधिक मजबूत भविष्य के लिए तैयार : चंद्रशेखरन

मुंबई : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को कहा कि नमक से लेकर साफ्टवेयर तक बनाने वाले 110 अरब डॉलर के टाटा समूह इस समय अधिक मजबूत, सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिये तैयार है. एन चंद्रशेखरन ने कर्मचारियों को भेजे ई-मेल में विश्वास जताया कि नये साल में अनिश्चितता के […]

मुंबई : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने सोमवार को कहा कि नमक से लेकर साफ्टवेयर तक बनाने वाले 110 अरब डॉलर के टाटा समूह इस समय अधिक मजबूत, सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिये तैयार है.

एन चंद्रशेखरन ने कर्मचारियों को भेजे ई-मेल में विश्वास जताया कि नये साल में अनिश्चितता के बावजूद विभिन्न क्षेत्राें में काम कर रहा टाटा समूह आने वाली चुनौतियों का मुकाबला करने को तैयार है. उन्होंने कहा कि टाटा समूह निर्णायक तरीके से वित्तीय सेहत को सुधारने और परिचालन दक्षता को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिरकण (एनसीएलएटी) ने हाल में चंद्रशेखरन की समूह के चेयरमैन पद पर नियुक्ति को अवैध ठहराते हुए साइरस मिस्त्री की बहाली का निर्देश दिया है. चंद्रशेखरन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश की आर्थिक वृद्धि दर छह साल के निचले स्तर पर पहुंच गयी है और वैश्विक स्तर पर भी अनिश्चितता के बादल छाए हुए हैं.
चंद्रशेखरन ने कहा कि समूह के स्तर पर प्रदर्शन में सतत सुधार हो रहा है. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कंपनियों को लेकर अधिक काम करने की जरूरत है. आर्थिक परिस्थितियों की वजह से इन कंपनियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
अनिश्चितताएं 2020 में भी रहेंगी, पर नए अवसर भी आएंगे
चेयरमैन ने बतायी सूमह की कार्ययोजना
वर्ष 2019 को व्यस्त साल बताते हुए चंद्रशेखरन ने कहा कि भूषण स्टील के अधिग्रहण का काम चल रहा है. समूह के मुनाफे वाले उपक्रम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) बाजार में आगे है. टाटा मोटर्स के समक्ष घरेलू स्तर पर कुछ चुनौतियां हैं.
जबकि, टाटा ग्लोबल बेवरेजेज-टाटा केमिकल्स का उपभोक्ता कारोबार के एकीकरण का काम पूरा होने के करीब है. उन्होंने कहा, समूह का वित्तीय सेवा कारोबार आगे बढ़ रहा है. इसमें जोखिम प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. विस्तार और एयर एशिया दोनों अपने बेड़े का विस्तार कर रही हैं और पहुंच बढ़ा रही हैं. अन्य कंपनियां इंडियन होटल्स और टाइटन भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं.
क्रियान्वयन पर फोकस करने की नसीहत
चंद्रशेखरन ने कहा, वृहद परिवेश में अनिश्चितताएं 2020 में भी कायम रहेंगी. लेकिन इनके साथ विभिन्न कारोबार और बाजारों में नए अवसर भी आएंगे. चंद्रशेखरन जिन्हें उद्योग हलकों में चंद्रा के नाम से जाना जाता है, ने कहा कि अब समय आ गया है कि क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जाए, जिससे भविष्य के लाभ हासिल किए जा सके.
वृहद अनिश्चितताएं 2020 में भी कायम रहेंगी. लेकिन इनके साथ विभिन्न कारोबार और बाजारों में नये अवसर भी आयेंगे.
एन चंद्रशेखरन, चेयरमैन, टाटा संस

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >